गंगेश्वरी विकास क्षेत्र के सिमथला गांव में राशन वितरण में अनियमितता का मामला सामने आया है। गांव में अपात्र परिवार राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत जारी किए गए अंत्योदय राशन कार्ड का लाभ उठा रहे हैं, जबकि जिम्मेदार अधिकारी इस मामले से अनजान बने हुए हैं।
गांव सिमथला में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत राजेश कुमार की दुकान अधिकृत है। गांव में कुल 493 सामान्य राशन कार्ड धारक हैं। जबकि, 19 अंत्योदय राशन कार्ड जारी किए गए हैं। गांव निवासी रामवीर सिंह खड़कवंशी का आरोप है कि गांव में दस से ज्यादा ऐसे परिवार हैं, जो अपात्र होने के बावजूद अंत्योदय राशन कार्ड का लाभ ले रहे हैं।
जो परिवार वर्षों पहले गांव से जा चुके हैं। वह भी लाभ उठा रहे हैं। जबकि, पात्र लोगों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई है, लेकिन अभी तक कार्रवाई नहीं हो पाई है। गंगेश्वरी पूर्ति निरीक्षक अमित श्रीवास्तव का कहना है कि मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।