फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अफसरों का खेल, मुख्यमंत्री के हाथों बिजलीघर का लोकार्पण करवाया, गांवों में बिजली पहुंचाने हुए फेल

विज्ञापन
विज्ञापन
गजरौला(विकल सिंह)। बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों का खेल भी निराला है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बिजलीघर का लोकार्पण करा लिया, जबकि छह दिन बाद भी गांवों में बिजली पहुंचाने में फेल हो गए। अधिकारियों की मानें तो आपूर्ति में अभी कई दिन और लग सकते हैं। बिना सप्लाई शुरू किए बिजलीघर का लोकार्पण कराने का मामला सामने पर अधिकारी और कर्मचारियों के होश उड़े हैं। मातहत अब उच्चाधिकारियों को मैनेज करने के साथ ही जनप्रतिनिधियों को मैनेज करने में जुट गए हैं।
विज्ञापन

गजरौला और धनौरी माफी बिजलीघरों से ओवरलोड कम करने के लिए क्षेत्र के गांव जलालपुर कलां में सवा तीन करोड़ रुपये से बिजलीघर बनाया गया है। जलालपुर कलां बिजलीघर से जलालपुर कलां, महेशरा, बस्तौरी माफी, झनकपुरी, यकबगड़ी, दरियापुर को बिजली दी जानी है। 15 सितंबर तक इसका निर्माण पूरा कर बिजली सप्लाई चालू करनी थी, लेकिन 13 दिन बाद भी आपूर्ति चालू नहीं की गई है, जबकि जनपद में 22 सितंबर को आए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों ने बिजलीघर का लोकार्पण भी करा लिया। सीएम से यह छिपाया गया कि बिजलीघर का निर्माण अभी पूरा नहीं हुआ है, बल्कि अधूरा है। इसे पूरा करने में अभी कई दिन का काम रह गया है। खास बात यह है कि सीएम के लोकार्पण के छह दिन बाद भी जलालपुर कलां बिजलीघर से जुड़े गांवों में बिजली नहीं पहुंची है। बिना सप्लाई शुरू किए बिजलीघर का लोकार्पण कराने का मामला सामने आने पर अधिकारी और कर्मचारियों के होश उड़े हैं। वह अफसरों को मैनेज करने में जुट गए हैं। (संवाद)
अधिकारियों के बयानों में भी विरोधाभास
गजरौला। विद्युत वितरण खंड गजरौला के अधिशासी अभियंता नीरज कुमार का कहना है कि जलालपुर कलां बिजलीघर का निर्माण अंतिम चरण में है। जल्द ही निर्माण कार्य पूरा होने पर बिजली आपूर्ति चालू कर दी जाएगी, जबकि उपखंड अधिकारी विभोर कुमार शर्मा कहते हैं कि बिजलीघर चालू हो गया है। दो गांवों को आपूर्ति दी जा रही है। बाकी में फीडर लगाने का काम रह गया है। यह काम भी जल्द पूरा हो जाएगा।
विज्ञापन

क्या कहते हैं क्षेत्रीय विधायक राजीव तरारा
गजरौला। मंडी धनौरा विधायक राजीव तरारा का कहना है कि जलालपुर कलां बिजलीघर में बिजली तो पहुंच गई है, लेकिन अभी गांवों को सप्लाई शुरू नहीं की गई है। फीडर लगाने का काम चल रहा है। गांवों को सप्लाई देने में एक दो दिन का समय लग सकता है। अधिकारी और कर्मचारी लगे हैं।
यह कहते हैं ग्राम प्रधान
यकबगड़ी ग्राम प्रधान सुरेंद्र सिंह का कहना है कि उनके गांव में दो उपकेंद्रों से आपूर्ति मिलती है। आधे गांव में धनौरी माफी से आधे में गजरौला से बिजली आती है। आपूर्ति जरूरत के हिसाब से नहीं मिलती है, लेकिन यह दिक्कत जल्द दूर होने वाली है। उनके गांव में जलालपुर कलां बिजलीघर से आपूर्ति मिलेगी। जलालपुर कलां बिजलीघर शुरू होने का इंतजार है।
दरियापुर बुजुर्ग निवासी प्रधानपति शंकर सिंह ने बताया कि उनके गांव को फरीदपुर बिजलीघर से सप्लाई मिलती है। लोड अधिक होने के कारण कटौती होती रहती है। जल्द ही इस दिक्कत से छुटकारा मिल सकता है। जलालपुर कलां बिजलीघर शुरू होते ही गांव में जलालपुर कलां से बिजली मिलेगी।
जलालपुर कलां में भी गांव के बिजलीघर से आपूर्ति देने की पुष्टि नहीं हो सकी। गांव के जिस नंबर पर कॉल की गई, उसने नाम बताने से इंकार कर दिया, लेकिन इतना कहा कि गांव का बिजलीघर चालू होने में एक सप्ताह का समय लग सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें