बछरायूं(अमरोहा)। नगर में रहने वाला एक किशोर शुक्रवार दोपहर अपने घर के सामने बने एक मुर्गीघर में फंदे पर झूल गया। किशोर पर पड़ोस की एक महिला ने अपनी आठ साल की बेटी के साथ दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी थी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। किशोर के परिजनों ने बच्ची की मां व पुलिस पर परेशान करने का आरोप लगाया है।
नगर निवासी एक महिला ने छह दिन पहले पड़ोस में ही वेल्डिंग का काम करने वाले 13 वर्षीय किशोर पर अपनी आठ साल की बेटी के साथ दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी थी। पुलिस ने आरोप लगाने वाली महिला व आरोपी किशोर के परिजनों से पूछताछ की। पुलिस को मामला संदिग्ध लगा तो कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद महिला ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी कर दी। मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत मिलने पर पुलिस फिर से सक्रिय हो गई। बताया जाता है कि शुक्रवार सुबह पुलिस किशोर के घर गई और परिजनों को हड़काया। पुलिस इस मामले में कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दे रही थी। बताया जाता है कि पुलिस के जाने के बाद किशोर बुरी तरह मानसिक दबाव में आ गया। उसने पुलिस के जाने के बाद अपने घर के सामने स्थित एक मुर्गीघर में फंदे से लटक कर जान दे दी। परिजनों को अपराह्न तीन बजे किशोर के फंदे पर लटकने की खबर मिली तो कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
परिजनों ने महिला पर रुपये ऐंठने व पुलिस पर परेशान करने का आरोप लगाया
किशोर के परिजनों ने आरोप लगाया है कि बेटी के साथ दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला रुपये ऐंठने का धंधा करती है। उस महिला ने पांच हजार रुपये ले लिए थे, लेकिन वह दस हजार रुपये की मांग कर रही थी। बाद में उसने फैसला करने से भी इनकार कर दिया था। पुलिस भी लगातार उन्हें परेशान कर रही थी। महिला की झूठी शिकायत व पुलिस उत्पीड़न से आजिज आकर उनका बेटा फंदे पर झूल गया।
किशोर के खिलाफ एक महिला ने अपनी आठ साल की बेटी के साथ दुष्कर्म की तहरीर दी थी। जांच के दौरान महिला के आरोपों की पुष्टि नहीं हो पा रही थी। महिला कई बार कहने के बावजूद कानूनी कार्रवाई से बचती रही। पुलिस पर किशोर के परिजनों को परेशान करने के आरोप झूठे हैं। पुलिस किशोर के घर मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई शिकायत की जांच करने गई थी।
-पंकज वर्मा, प्रभारी निरीक्षक बछरायूं