अपर पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि 26 फरवरी को महाशिवरात्रि है। हरिद्वार से कांवड़ लेकर शिवभक्त लौटने लगे हैं। धीरे-धीरे कांवड़ियों की संख्या हाईवे पर बढ़ने लगी है। कांवड़ियों दिक्कत न हो इसलिए सोमवार शाम से हाईवे पर रूट डायवर्जन प्लान लागू कर दिया है।
जगह-जगह बैरियर लगाकर हाईवे पर आने वाले ट्रक, कंटेनर, डीसीएम व अन्य भारी वाहनों को रोका जा रहा है। किसी भी भारी वाहन को हाईवे पर आने की अनुमति नहीं है। मनमानी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कांवड़ियों की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, हाईवे की एक लेन पहले से ही कांवड़ियों के लिए आरक्षित की गई है।
भारी वाहनों के लिए तय रूट
- शाहजहांपुर से दिल्ली की ओर जाने वाले ट्रक, डंपर, ट्राॅला, पिकअप समेत भारी वाहन और मालवाहक वाहन को शाहजहांपुर के कटरा, जलालपुर, बदायूं, बबराला, नरौरा, बुलंदशहर होते हुए दिल्ली की ओर भेजा जाएगा।
- बरेली से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को आवंला से शाहबाद, बिलारी, चंदौसी, बबराला से डिबाई, नरौरा और बुलंदशहर होते हुए दिल्ली की ओर भेजा जाएगा।
- रामपुर से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को रामपुर जिले के शाहबाद से डायवर्ट कर बिलारी, चंदौसी, बबराला, नरौरा, बुलंदशहर होते हुए दिल्ली की ओर भेजा जाएगा।
- मुरादाबाद से दिल्ली की ओर जाने जाने वाले भारी वाहनों को मुरादाबाद जिले से वाया संभल, बबराला, नरौरा, डिबाई, बुलंदशहर, सिकंदरा होते हुए गाजियाबाद व दिल्ली की ओर भेजा जाएगा।
- मुरादाबाद से मेरठ की ओर जाने वाले भारी वाहनों को टीएमयू के बराबर से अगवानपुर बाईपास, छजलैट, नूरपुर, बिजनौर, बैराज, मीरापुर, मवाना होते हुए भेजा जाएगा।
- चांदपुर बिजनौर से गजरौला होते हुए दिल्ली जाने वाले भारी वाहनों को बिजनौर जिले से जलीलपुर से डायवर्ट कर गंगा पुल से होते हुए हस्तिनापुर, मवाना, मेरठ, गाजियाबाद होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा।
- नूरपुर, शिवाला कलां, फीना से अमरोहा की ओर आने वाले भारी वाहनों को नौगांवा सादात, अमरोहा की तरफ न भेजा जाए।
- संभल से दिल्ली की ओर जाने वाले समस्त भारी वाहनों को बहजोई, बरबाला, नरौरा, डिबाई, बुलंदशहर होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा। कोई भी मालवाहक वाहन गवां की तरफ से हसनपुर नहीं आने दिया जाएगा।
- जनपद अमरोहा से दिल्ली की ओर जाने वाले समस्त भारी वाहनों को अमरोहा में ही रोक दिया जाएगा, आवश्यक वाहनों को हाईवे से होकर ब्रजघाट से गाजियाबाद होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा।
- दिल्ली-गाजियाबाद से बरेली-लखनऊ की ओर वाले भारी वाहनों को लालकुआं की ओर मोड़कर दादरी, बुलंदशहर, डिबाई, नरौरा, गुन्नौर, सहसवान, बदायूं होते हुए बरेली-लखनऊ की ओर भेजा जाएगा।
- मेरठ से बरेली की ओर जाने वाले समस्त भारी वाहनों को बिजनौर, धामपुर, स्यौहारा, कांठ, मुरादाबाद होते हुए बरेली की ओर भेजा जाएगा।
- हापुड व मेरठ से गढ़ के मध्य से रामपुर की ओर जाने वाले भारी वाहनों गढ़ चौपला जनपद हापुड़ से डायवर्ट कर बुलंदशहर, डिबाई, नरौरा, बबराला, बहजोई, चंदौसी, बिलारी, शाहबाद होते हुए रामपुर की ओर भेजा जाएगा।