अमरोहा। शादी समारोह में गए किराना व्यापारी के बंद घर को निशाना बनाकर चोरों ने नकदी और जेवरात सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। व्यापारी घर लौटे तो घटना की जानकारी हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। व्यापारी ने घटना की तहरीर दे दी है।
चोरी की यह घटना नगर कोतवाली के मोहल्ला तलवार शाह नई बस्ती की है। यहां रहने वाले चारों भाई शकील अहमद, फहीम अहमद, नदीम और अलीम अहमद मुंबई में रहते हैं। वहां पर किराना की दुकान चलाते हैं। चारों भाइयों के परिवार भी मुंबई में ही रहते हैं। अमरोहा में उनका पैतृक मकान है। जब भी वह यहां आते हैं तो अपने घर में ठहरते थे। शुक्रवार को मुरादाबाद में बड़े भाई शकील अहमद के साले की शादी थी। लिहाजा वह पत्नी फरजाना और बच्चों के साथ मुंबई से अमरोहा आए थे। यहां अपने मकान में रुके और गुरुवार की शाम को परिवार सहित शादी समारोह में शामिल होने के लिए मुरादाबाद चले गए थे। इस दौरान चोर छत के सहारे सीढ़ियों पर लगे दरवाजे का ताला तोड़ कर घर में दाखिल हो गए और कमरे में रखी 20 हजार रुपये की नकदी, सोना-चांदी के जेवरात सहित तीन लाख रुपये का सामान चोरी कर फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
खेत से सबमर्सिबल चोरी
बछरायूं। क्षेत्र के गांव दौराला निवासी कांग्रेस के पूर्व जिला महासचिव इंद्रपाल सिंह के खेत से चोर सिंचाई के लिए लगा सबमर्सिबल पंप व मोटर आदि सामान चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई है। किसान का कहना है कि उनके द्वारा छह नवंबर को ही थाने में तहरीर दे दी गई थी। पुलिस ने अभी तक रिपोर्ट भी दर्ज नहीं की है। संवाद