डिडौली। दबंगों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की बेटी के साथ मारपीट की। जान से मारने की नीयत से हमला किया। उनके छह लाख रुपये हड़प लिए। मामले में पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
ये मामला डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव सरकड़ी अजीज का है। यहां पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मूर्ति देवी का परिवार रहता है। उनकी बेटी केला देवी का आरोप है कि उनके पति और दो बेटों की मौत के बाद एक बेटी बची है। अपने पालन पोषण के लिए भैंस पाल रखी है। आरोप है कि गांव के ही रहने वाले योगेश और उसकी पत्नी मिथलेश घर आए और एक बीघा जमीन दो साल के लिए गिरवी रखकर 15 हजार रुपये उधार लिए थे। जमीन की कीमत के बराबर रुपये पूरे होने पर बैनामा कराने की बात कही थी। रुपयों के लेनदेन का हिसाब लिखित में हुआ था। 7 नवंबर 2023 को आरोपी केला देवी को अपने घर ले गए और जान से मारने की नीयत से मारपीट की। आरोपियों ने केला देवी और उसकी बेटी को जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने मामले की शिकायत डीएम और एसपी से की। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उनके छह लाख रुपये हड़प लिए और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। सीओ सिटी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मामले में केला देवी की शिकायत पर गांव के ही रहने वाली समंतरा, गिरेंद्र, सचिन, लाल सिंह, हेमंत, मनदीप, योगेश और मिथिलेश के खिलाफ अमानत में खयानत, मारपीट, धमकी और गाली-गलौज के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।