अमरोहा। नौगावां सादात क्षेत्र के सिहाली गांव निवासी किसान कृष्णपाल ने भाई सोनू की मौत के मामले में चार लोगों पर ब्लैकमेलिंग और हत्या का आरोप लगाया है। आरोप है कि अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपियों ने सोनू के हिस्से की 15 बीघा जमीन बिकवा दी और करीब 50 लाख रुपये हड़प लिए।
विज्ञापन
कृष्णपाल के मुताबिक, आरोपी उसके भाई को नशा कराते थे और गांव नहीं आने देते थे। करीब ढाई महीने पहले मारपीट कर उसे गजरौला क्षेत्र के दरियापुर के पास फेंक दिया था। 23 अक्तूबर को सोनू फिर लापता हो गया। अगले दिन उसका शव मंजूरपुरा रेलवे फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर मिला था। उस समय पुलिस ने आत्महत्या की आशंका जताई थी।
अब कृष्णपाल ने रजबपुर थाने में तहरीर देकर गांव के चार लोगों पर हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंकने का आरोप लगाया है। मंगलवार को एसपी कार्यालय में शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। संवाद