तिगरी मेले में स्नानियों पर हेलीकॉप्टर से फूलों की वर्षा करते पूर्व सांसद कंवर सिंह तंवर।
- फोटो : JPNAGAR
तिगरी धाम। भाजपा के पूर्व सांसद कंवर सिंह तंवर और प्रांतीय सह संगठन मंत्री कर्मवीर ने कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए आए श्रद्धालुओं पर गुरुवार को हेलीकॉप्टर से फूल बरसाया। इसके चलते श्रद्धालुओं का उत्साह दोगुना हो गया। लाखों लोगों के हुजूम ने जय श्री राम का शंखनाद किया। इसके चलते माहौल भक्तिमय हो गया। तंबुओं के नगर तिगरी तट पर हेलीकॉप्टर ने तीन चक्कर लगाए।
ऐतिहासिक और राजकीय तिगरी मेला स्थल पर गुरुवार को दोपहर लगभग डेढ़ बजे हेलीकॉप्टर गंगा किनारे नजर आया। यह देख श्रद्धालुओं ने जय श्री राम की नारेबाजी शुरू कर दी। तिगरी तट पर तंबुओं के नगर में आसमान में हेलीकॉप्टर पहुंचा। भाजपा के पूर्व सांसद कंवर सिंह तंवर और प्रांतीय सह संगठन मंत्री कर्मवीर ने श्रद्धालुओं के ऊपर फूल बरसाने शुरू कर दिए। यह देख युवाओं का जोश बढ़ने लगा। उन्होंने जय श्री राम के गुंजायमान नारे लगाने शुरू कर दिए। इसके बाद हेलीकॉप्टर ने तिगरी धाम में श्रद्धालुुओं के डेरे के ऊपर आसमान में तीन चक्कर लगाए। जब तब हेलीकॉप्टर आंखों से ओझल नहीं हुआ उस वक्त तक युवाओं का जत्था नारे लगाता रहा। मालूम हो कि भाजपा के पूर्व सांसद कंवर सिंह ने इससे पहले भी श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा करा चुके हैं। उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ ऋषिपाल नागर, विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी रहे।