अमरोहा। जीडी में अनुपस्थिति दर्ज होने के बाद फायरमैन ने शराब पीकर दमकल दफ्तर में जमकर उत्पात मचाया। उच्चाधिकारियों के साथ गाली गलौज की। नशे की हालत में निर्वस्त्र होकर हंगामा किया। एफएसओ- सीएफओ को गोली मारने के बाद खुद भी आत्महत्या करने की धमकी दी। अन्य फायर कर्मियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी फायरमैन को हिरासत में ले लिया। मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। वहीं एसपी ने आरोपी फायरमैन को निलंबित कर दिया है।
यह मामला अमरोहा नगर फायर स्टेशन का है। रविवार की रात करीब आठ बजे से फायरमैन राजेंद्र कुमार की ड्यूटी वाचरूम (कंट्रोल रूम) में लगी थी। आरोप है कि एलएफएम रजा हसनैन द्वारा ड्यूटी चेक की तो फायरमैन राजेंद्र सिंह अपनी ड्यूटी से नदारद मिले। लिहाजा उन्होंने ने फायरमैन राजेंद्र कुमार की अनुपस्थिति की रिपोर्ट जीडी में दर्ज कर उनकी जगह दूसरे फायरमैन सोमपाल सिंह को ड्यूटी पर तैनात कर दिया। रपट लिखने से नाराज फायरमैन राजेंद्र सिंह आपा खो बैठा और सोमवार को शराब के नशे में धुत होकर कार्यालय पहुंच गया। यहां कार्यालय में बैठक अधिकारी-कर्मचारियों के साथ अनुशासनहीनता और अभद्रता की।
सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी फायर स्टेशन पहुंच गए। उन्होंने मामले की जानकारी सीओ सिटी को दी। जबकि अग्निशमन द्वितीय अधिकारी (एफएसएसओ) सतीश कुमार ने वायरलेस सेट पर मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर अरविंद कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि इस दौरान फायरमैन राजेंद्र कुमार कपड़े उतार कर निर्वस्त्र हो गया और मुख्य अग्निशमन अधिकारी और फायर स्टेशन अग्निशमन अधिकारी को गोली मारने की धमकी देता हुआ खुद भी ट्रेन के नीचे आकर या जहर खाकर आत्महत्या करने की धमकी देने लगा। मामला बिगड़ता देख पुलिस फायरमैन राजेंद्र कुमार को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई और मेडिकल परीक्षण कराया।
सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि फायरमैन के मेडिकल परीक्षण में शराब पीने की पुष्टि हुई है। उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। साथ ही उसे पुलिस कप्तान द्वारा निलंबित कर दिया गया है।