डिडौली। बरात घर और सामुदायिक शौचालय निर्माण के लिए सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटवाते समय राजस्व विभाग की टीम पर हमले करने के मामले में पुलिस ने एक परिवार के नौ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इसमें पति-पत्नी, तीन बेटी और सगे भाइयों को मुलजिम बनाया गया है। घटना के बाद आरोपी गांव छोड़कर फरार हो गए है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गंगदासपुर गांव में बरात घर और सामुदायिक शौचालय का निर्माण होना है। लिहाजा शुक्रवार की शाम एसडीएम विजय शंकर के आदेश पर हल्का लेखपाल पंकज कश्यप के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम बंजर जमीन से अवैध कब्जा हटवाने पहुंचे थे। यहां टीम ने जमीन से कब्जा हटवाने के लिए पैमाइश शुरू की। तभी गांव के कुछ लोगों ने टीम पर हमला कर दिया। लेखपाल व अन्य कर्मचारियों से खींचातानी और गाली-गलौज की। बवाल कर सरकारी काम में बाधा डाली। राजस्व विभाग की टीम ने किसी तरह खुद को बचाया था और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद एसडीएम सदर ने मुआयना किया था। इस मामले में लेखपाल ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी थी।
इंस्पेक्टर मोहित चौधरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर दाताराम उनके भाई दिनेश कुमार व करनपाल, पत्नी प्रेमवती, बेटी नेमवती, संतोष, बिंदेश्वरी और सगे भाई शिवम व चायना के खिलाफ मारपीट, बवाल और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।