कैलसा (अमरोहा)। होमगार्ड से मारपीट के मामले में पुलिस ने घटना के आठ दिन बाद ग्राम प्रधान सहित पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने कहा कि शीघ्र ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
देहात थानाक्षेत्र के मझौली गांव निवासी राजपाल सिंह होमगार्ड हैं। 13 मार्च की शाम वह कैलसा बॉर्डर से बाइक से अपने घर जा रहे थे। रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे आरोपियों ने बाइक रुकवाकर होमगार्ड से मारपीट की। एक व्यक्ति ने होमगार्ड की कनपटी पर तमंचा सटाकर जान से मारने की धमकी दी। गांव की तरफ से बाइक सवार लोगों को आते देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित होमगार्ड ने घटना की तहरीर दी थी। हालांकि घटना के आठ दिन बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। थाना प्रभारी बृजेश सिंह ने बताया कि होमगार्ड की तहरीर पर ग्राम प्रधान मनवीर सिंह, उनके भाई फूल सिंह, सतवीर, योगेंद्र सिंह, सुमित कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।