रजबपुर (अमरोहा)। एक्सईएन के नेतृत्व में बिजली चेकिंग करने पहुंची विभागीय की टीम पर अतरासी कलां के लोगों ने हमला कर दिया। टीम के साथ धक्कामुक्की और मारपीट की। बवाल बढ़ता देखकर टीम को उल्टे पांव लौटना पड़ा। प्रकरण में जेई की तहरीर ग्राम प्रधान सहित आठ नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
बुधवार की सुबह अधिशासी अभियंता पीपी सिंह के नेतृत्व में विभागीय टीम रजबपुर थानाक्षेत्र के अतरासी कलां गांव में बिजली चेकिंग के लिए पहुंची थी। इस दौरान टीम ने कुछ घरों को चेक कर लिया था। लेकिन, तभी मौके पर पहुंचे ग्राम प्रधान शमशाद उर्फ भूरा ने बिजली चेकिंग का विरोध शुरू कर दिया और लोगों की भीड़ इकट्ठा कर ली। थोड़ी ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। चेकिंग का विरोध करते हुए बिजली अधिकारी-कर्मचारियों से धक्का-मुक्की करनी शुरू कर दी। इतना नहीं ग्रामीणों ने बिजली कर्मियों के साथ मारपीट कर उन्हें गांव से बाहर खदेड़ दिया। ग्रामीणों के विरोध के चलते टीम को उल्टे पांव वापस लौटना पड़ा। इसके बाद बिजली अधिकारी-कर्मचारी रजबपुर थाने पहुंचे और तहरीर दी।
थानाध्यक्ष अरिहंत कुमार सिद्धार्थ ने बताया कि जेई रतनेश कुमार की तहरीर पर ग्राम प्रधान शमशाद उर्फ भूरे, इशाहिद, मुशाहिद, नहीम, चमन, दिलशाद, नवाब और मोबीन को नामजद और 20 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं एक्सईएन प्रेमपाल सिंह ने बताया कि बिजली चोरी रोकने के लिए शासन के निर्देश पर गांव में चेकिंग करने के लिए टीम के साथ पहुंचे थे। लेकिन ग्रामीणों ने बिजली चेकिंग का विरोध किया और टीम के साथ हाथापाई की। घटना में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
इन धाराओं में दर्ज हुई एफआईआर
थानाध्यक्ष अरिहंत कुमार सिद्धार्थ ने बताया कि पुलिस टीम पर मारपीट करने के मामले में आईपीसी की धारा 353, 147, 149, 323 और 504 में एफआईआर दर्ज की गई है। जल्द की आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।