अमरोहा। सेवानिवृत्त चिकित्सक ने दूसरे का प्लॉट दिखाकर नौ लाख 70 हजार 698 रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप कांग्रेस के प्रदेश महासचिव और उनकी संस्था के प्रबंधक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अमरोहा नगर कोतवाली क्षेत्र की आवास विकास कालोनी में सेवानिवृत्त चिकित्सक डॉ.नरेंद्र सिंह का परिवार रहता है। उनका आरोप है कि जुलाई 2018 में गजरौला में अराध्यम इंफ्रा बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड फर्म द्वारा आवासीय कालोनी तैयार की जा रही थी। संपर्क में आने के बाद कंपनी के मालिक कांग्रेस नेता सचिन चौधरी और उनकी संस्था में कार्यरत प्रबंधक सर्विस प्रोवाइडर अमित सिंह उनके घर आए थे। इसके बाद दोनों उन्हें मौके पर ले गए और 98.47 वर्ग मीटर का प्लॉट खरीदने की सहमति बनी। इस दौरान उस प्लॉट में आम का बाग था। प्लॉट की कीमत 9 लाख 70 हजार 698 रुपये तय हुई। लिहाजा डॉ.नरेंद्र सिंह ने 4 लाख 72 हजार रुपये उन्हें दे दिए थे। आरोप है कि 21 सितंबर 2018 को दोनों लोग घर आए और शेष रकम मांगने लगे। इस दौरान उन्होंने 4 लाख 98 हजार रुपये का चेक दिया। इतनी रकम देने के बाद भी वह बैनामा कराने के लिए टालने लगे। बाद में अगस्त 2021 में बैनामा कराने का आश्वासन दिया। इस बीच अराध्यम फर्म द्वारा डॉ नरेंद्र को एक नोटिस भेजकर एक लाख 22 हजार रुपये बकाया का भुगतान करने को कहा। शक होने पर प्लॉट के कागज चेक कराए तो वास्तविक मालिक गाजियाबाद के रहने वाले शाश्वत गोयल निकले। इसके बाद पीड़ित को धोखाधड़ी का एहसास हुआ तो उन्होंने पुलिस में शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। लिहाजा न्यायालय की शरण ली। सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि सीजीएम के आदेश पर कांग्रेस नेता सचिन चौधरी और उनके संस्था के प्रबंधक अमित सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज की गई है।
कंपनी से मेरा कोई लेनादेना नहीं हैं। वर्ष 2017-18 में मैंने कंपनी से रिजाइन कर दिया था। कंपनी को परिवार के सदस्य देखते हैं। वैसे भी कंपनी और ग्राहक के बीच एग्रीमेंट होता है। जिसमें साफ लिखा है कि कंपनी 42 महीने बाद प्लाट नाम कराएगी। अमित सिंह नाम का कोई व्यक्ति कंपनी में किसी पद पर नहीं है। तथ्यों को छिपाकर एफआईआर दर्ज कराई गई होगी। विवेचना के दौरान स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। - सचिन चौधरी, प्रदेश महासचिव, कांग्रेस