अमरोहा। मौसम बदलने के साथ जिले में बुखार का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। पिछले एक माह में 10 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में बच्चे भी शामिल हैं। जांच में अब तक डेंगू के सात मरीज मिले हैं। 50 गांवों को अतिसंवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। कई मरीजों में प्लेटलेट्स गिरने के साथ डेंगू, मलेरिया और स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण सामने आ रहे हैं।
दो दिन पहले हसनपुर क्षेत्र में दो मौतों के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। संवेदनशील गांवों में दवाओं का छिड़काव कराया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चांदनगर में लोगों के सैंपल लेकर दवाएं वितरित कीं। जिला अस्पताल और सीएचसी की ओपीडी छह से सात हजार तक पहुंच रही है। जिला अस्पताल में बुखार और डेंगू मरीजों के लिए अलग वार्ड बनाए गए हैं।
बुखार से समरीन (13), हिमांशु (17), कलावती (38), ओवैस अहमद (11), सानिया (18), इमरान (35) समेत दस लोगों की मौत हो चुकी है।
....
अतिसंवेदनशील गांव
ब्लॉक संख्या
अमरोहा ग्रामीण 07
अमरोहा शहर 18
जोया 13
गजरौला 07
धनौरा 05
हसनपुर 05
गंगेश्वरी 03
....
जिला अस्पताल में बुखार के 28 रोगी भर्ती
अमरोहा। मौसम में बदलाव के बीच जिले में वायरल बुखार, खांसी-जुकाम और मौसमी बीमारियों के मरीज बढ़ रहे हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं। बुखार से पीड़ित 28 मरीज भर्ती हैं, जिनमें 15 बच्चे और 13 बड़े शामिल हैं। चिकित्सकों की निगरानी में मरीजों को दवाएं और जरूरी उपचार दिया जा रहा है। सामान्य मरीजों को जांच के बाद दवा देकर घर भेजा जा रहा है, जबकि तेज बुखार या गंभीर लक्षण वाले मरीजों को भर्ती किया जा रहा है। सीएम डॉ. एके भंडारी ने बताया कि भर्ती मरीजों के खून की जांच कराई गई है। किसी में गंभीर लक्षण नहीं मिले हैं। स्वाइन फ्लू के आशंकित मरीजों की भी जांच कराई जा रही है।
......
बुखार और डेंगू प्रभावित क्षेत्रों में दवाओं का छिड़काव कराया जा रहा है। लोगों को भी जागरुक किया जा रहा है। बुखार आने पर तत्काल अस्पताल में जांच कराएं और दवा लें। किसी प्रकार की लापरवाही नहीं करनी चाहिए। सभी चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अपने-अपने क्षेत्र में दवाओं का छिड़काव कराएं।
-डॉ. रमाकांत सागर, सीएमओ