पाकबड़ा क्षेत्र के भांडली गांव निवासी इस्तकार आटा चक्की चलाते थे। पांच भाइयों में तीसरे नंबर के इस्तकार के परिवार में पत्नी फूलजहां व सात बच्चे हैं। बुधवार को अमरोहा के डिडौली कोतवाली क्षेत्र के अशरफपुर फैजगंज में इस्तकार की फुफेरी साली की शादी थी। इस्तकार पत्नी फूलजहां व बेटे शानिब के साथ बाइक से शादी में जा रहे थे। दोपहर करीब दो बजे उनकी बाइक डिडौली क्षेत्र के चौधरपुर में ओवरब्रिज के पास सर्विस रोड पर पहुंची। तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे खड़ी एक डीसीएम में टक्कर मार दी। इससे डीसीएम बराबर से गुजर रही इस्तकार की बाइक से टकरा गई, जिससे तीनों बाइक सवार सड़क पर गिए गए। तभी डंपर ने दंपती और उनकी बेटे को कुचल दिया, जिससे इस्तकार व उनके बेटे शानिब की मौत हो गई।
जबकि, फूलजहां और संभल जिले के शाहबाजपुर गांव निवासी डीसीएम का चालक शाहरुख व हेल्पर फैसल घायल हो गए। वहीं, चालक डंपर छोड़कर मौके से भाग गया। कुछ ही देर में लोगों की भीड़ जुट गई। हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। सूचना पर इंस्पेक्टर हरीश वर्धन सिंह पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और घायल फूलजहां, फैसल व शाहरुख को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, पिता-पुत्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि डंपर, डीसीएम व क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। इस्तकार के भाई की तहरीर पर हरियाणा नंबर के डंपर के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।