अमरोहा में किसान महापंचायत के दौरान राकेश टिकैत को गदा भेट करते पदाधिकारी।
- फोटो : JPNAGAR
अमरोहा। किसान महापंचायत में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। जब तक सरकार तीनों कृषि कानूनों को वापस नहीं लेगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। दिल्ली बॉर्डर खाली नहीं हुआ है। यह आंदोलन किसानों की रोटी और खेती बचाने के लिए है। सरकार किसानों की जमीन बड़ी कंपनियों को देने की तैयारी में है। इससे रोटी भी बड़े लोगों की तिजोरी में बंद हो जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। सरकार को 26 नवंबर तक का अल्टीमेट है। 26 तक समाधान नहीं निकला तो नई रणनीति का एलान किया जाएगा।
राकेश टिकैत शनिवार को अमरोहा के जोई मैदान में किसान महापंचायत को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा सरकार लोगों को लड़ाने और तोड़ने का काम किया है। देश के हालात बेहद खराब हैं यह समझना पड़ेगा। पिछले एक साल से किसान दिल्ली के बॉर्डर पर आंदोलन कर रहा है, लेकिन यह सरकार आरोप लगाने के अलावा कुछ और नहीं कर रही है। इन लोगों ने आंदोलन में शामिल हुए सिख समाज के लोगों को खालिस्तानी बता दिया गया और मुसलमानों को पाकिस्तानी। जब यहां के लोग धरने में शामिल हुए तो आंदोलन जाटों का बता दिया। इन्होंने उत्तर प्रदेश के भीतर हिंदू-मुस्लिम के दंगे कराए। यह लोग हरियाण के अंदर गए तो वहां जाट और नॉन जाट की राजनीति की। गुजरात के भीतर पटेल और नॉन पटेल की राजनीति की। भाजपा ने बिहार में पहुंचकर लालू यादव का परिवार तोड़ा और यूपी में मुलायम सिंह के परिवार को तोड़ डाला। महापंचायत में टिकैत ने किसानों को सलाह दी कि आरएसएस के लोग बेहद खतरनाक है, इनसे बच कर रहो। उन्होंने कहा कि बहुत से लोग सोचते हैं कि उनका बेटा पढ़ लिखकर कलक्टर बनेगा। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। सरकार ने पिछले दरवाजे से बिना परीक्षा के ही आईएएस बनाने की तैयारी कर ली है। बिना परीक्षा के ही लगभग 40 लोगों को आईएएस बना दिया गया है अभी 300 के करीब और बनेंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार को बातचीत के जरिए किसान आंदोलन को समाप्त करने की पहल करनी चाहिए। नये कृषि कानूनों के लागू होने से किसान का जमीन से अधिकार समाप्त हो जाएगा, फिर कंपनी ही बीज मुहैया कराएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह लड़ाई लंबी चलेगी, इसलिए किसान पूरी तरह से तैयार रहे। अपनी एक आंख दिल्ली पर तो दूसरी आंख खेती पर रखें। ट्रैक्टरों का मुंह दिल्ली की तरह रखों। अगर सरकार ने 26 नवंबर तक नहीं सुनी तो 27-28 में कुछ बड़ा होगा। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने यूपी सरकार पर भी निशाना साधा। कहा कि प्रदेश सरकार गुंडागर्दी कर रही है। इसका उदाहरण जिला पंचायत के चुनाव में सबने देखा है। अब विधानसभा चुनाव में भी यही दोहराए जाने की तैयारी है। महापंचायत की अध्यक्षता दर्शन सिंह ने की और संचालन डा. चंद्रपाल सिंह ने किया।