रविवार सुबह से मौसम में गर्माहट के बाद करीब साढ़े 11 बजे मौसम पूरी तरह बदल गया। आसमान में काले बादल छाए और बारिश शुरू हो गई। लगभग एक घंटा जमकर बारिश हुई, जिससे मौसम सुहाना हुआ और लोगों ने उमस भरी गर्मी से राहत महसूस की। बारिश में भीगकर बच्चों और बड़ों ने मौसम का लुत्फ उठाया। हालांकि, बारिश से मुख्य बाजार, कोतवाली, आजाद रोड, कैलसा बाईपास, जामा मस्जिद, नगर पालिका, कोतवाली गेट, बिजनौर रोड सहित आदि इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया।
कई स्थानों पर कार और बाइकों के पहिया पानी में डूबे नजर आए। बाजार में जलभराव होने से व्यापारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि, उप कृषि निदेशक डॉ. रामप्रवेश ने बताया कि बारिश किसानों को फायदा देगी। धान की फसल लगाने की तैयारी कर रहे किसानों ने भी बारिश से राहत महसूस की है।
-
बारिश से सर्विस रोड पर भरा पानी
जोया। रविवार को हुई बारिश से लोगों ने राहत तो जरूर महसूस की, लेकिन सर्विस रोड पर जलभराव होने से राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जलभराव से बाइक सवारों व पैदल निकलने वाले लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा। सर्विस रोड के किनारे व्यापार करने वाले लोगों को भी खूब परेशानी झेलनी पड़ी। इसके अलावा शहर की कई गलियों में जलभराव की स्थिति बन गई। संवाद
-
बिजली गिरने से दो भैंसो की मौत
डिडौली। कोतवाली क्षेत्र के सहसपुर अली नगर गांव में बारिश के दौरान बिजली गिरने से दो भैंसों की मौत हो गई। गांव में प्रताप सिंह के बेटे हरकेश और शंभू की दो भैंसे आंगन में बंधीं हुई थीं। अचानक दोनों भैंसों के ऊपर बिजली गिरने से दोनों की ही मौत हो गई, जिनकी कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है।