अमरोहा के कैलसा क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर पंजाब के फरीदकोट जनपद के युवक-युवती के लहूलुहान हालत में मिलने से सनसनी फैल गई। जानकारी मिलने के बाद थोड़ी ही देर में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। बताया गया कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि युवती की दोनों टांगे कट गई हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवती को प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ रेफर कर दिया है। पुलिस की सूचना मिलने के बाद उनके परिजन पंजाब से अमरोहा के लिए रवाना हो गए हैं।
यह घटना अमरोहा देहात थानाक्षेत्र में कैलसा क्षेत्र में रेलवे ट्रैक की है। शनिवार सुबह लगभग आठ बजे थानाक्षेत्र के पृथ्वीपुर गांव के लोग रेलवे लाइन की तरफ पहुंचे तो उन्होंने ट्रैक पर युवक और युवती को लहूलुहान हालत में पड़ा देखा। युवक की मौत हो चुकी थी। जबकि युवती की दोनों टांग कटी हुई थीं। युवक का शरीर कई जगह से फटा हुआ था। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही एसओ सुनील कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। गंभीर रूप से घायल युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। युवती कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेरठ रेफर कर दिया गया है। वहीं दोनों के पास से मिले आधार कार्ड के माध्यम से उनकी शिनाख्त हुई।
पुलिस के मुताबिक मृतक युवक का नाम आकाशदीप और युवती का नाम प्रभजोत कौर है। मृतक युवक की जेब से अन्य कागजात भी मिले हैं, जिसमें उसके परिजनों का मोबाइल नबंर मिला था। मोबाइल नंबर मिलने के बाद पुलिस ने युवक के परिजनों को सूचना दे दी, जिसके बाद वे अमरोहा के लिए रवाना हो गए हैं।
परिजनों ने युवक के शुक्रवार से लापता होने की बात कही है। जबकि युवती के बारे में जानकारी होने से उन्होंने इनकार किया है। सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि यह मामला प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग का लग रहा है। युवती के परिजनों से संपर्क करने के प्रयास किए जा रहे हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है।