हसनपुर रहरा मार्ग पर सड़क हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार।
- फोटो : HASANPUR
हसनपुर। वृंदावन में राधा कृष्ण के मंदिर के दर्शन करके लौट रहे परिवार की कार बुधवार रात करीब 11:30 बजे हसनपुर रहरा मार्ग पर गांव मटीपुरा के नजदीक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे के बाद कार सवार परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। मासूम समेत 5 लोग घायल हुए सीएचसी में उपचार के बाद रेफर किया गया।
बताते हैं कि डिडौली थाना क्षेत्र के गांव सलामतपुर निवासी महेश, महेश की पत्नी निर्वेश, 6 माह का मासूम बच्चा, अर्चना, सपना समेत पांच लोग कार में सवार होकर बुधवार रात करीब 11:30 बजे वृंदावन से लौट रहे थे। हसनपुर रहरा मार्ग पर बुरावली और मटीपुरा के बीच कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। जिसमें सभी लोग बुरी तरह से घायल हो गए। रास्ते में राहगीरों ने उनकी मदद की और किसी तरह से गाड़ी से बाहर निकाला। एंबुलेंस से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हसनपुर पहुंचाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया है। थाना प्रभारी राम प्रकाश शर्मा ने बताया कि हादसे का मामला जानकारी में है लेकिन अभी कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई है।