बीएसए ने मंगलवार को करीब छह स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों के लिए बने मिडडे-मील को चखकर उसकी गुणवत्ता भी चेक की।
बीएसए डॉ. मोनिका ने प्राथमिक विद्यालय काला डाबरा, पीपली तगा, कंजर बसेड़ा, कपसुआ, पेली तगा एवं मिलक अख्तियारपुर के स्कूलों का निरीक्षण किया। संविलियन विद्यालय मिलक अख्तियारपुर में एक शिक्षक ऑफलाइन अवकाश पर मिले जिस पर उनका स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
उन्होंने मिडडे-मील, मल्टीपल हैंड वॉश, शौचालय की साफ सफाई, टाइम टेबल के अनुसार शिक्षण कार्य मे और सुधार लाने निर्देश दिए। बच्चों के लिए बने मिडडे-मील को चखकर उन्होंने खाने की गुणवत्ता भी देखी। इसके बाद संविलियन विद्यालय मिट्ठनपुर में संकुल बैठक का आयोजन हुआ। जिसमें उन्होंने राष्ट्रीय सर्वेक्षण परख, पीएमई विद्या चैनल, नेट परीक्षा व निपुण तालिका को पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला समन्वयक मिड डे मील मनोज कुमार भी मौजूद रहे।
सीडीओ ने निरीक्षण में परखी स्कूलों की व्यवस्थाएं
अमरोहा।
मंगलवार को सीडीओ ने जोया ब्लॉक के पांच परिषदीय स्कूलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निपुण परीक्षा के लिए निरंतर अभ्यास कराने एवं स्कूल में साफ-सफाई के लिए भी निर्देश दिए।
सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्रा ने जोया ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय असगरीपुर, प्राथमिक विद्यालय फत्तेहपुर माफी, प्राथमिक विद्यालय टिकिया, संविलियन विद्यालय पलोला एवं कपासी में प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। असगरीपुर के स्कूल में गंदगी पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई।
उन्होंने स्कूल में नाली, शौचालय तथा गेट पर सफाई एवं शौचालय में टाइल्स लगाने के निर्देश दिए। यहां 76 बच्चों के सापेक्ष 41 छात्र उपस्थित मिले। फत्तेहपुर माफी में बच्चों को नेट परीक्षा के लिए निरंतर अभ्यास कराने पर जोर दिया। अधिकतर सभी स्कूलों में सफाई की व्यवस्था ठीक नहीं पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए सुधार के लिए चेताया। इस दौरान उनके साथ जिला समन्वयक प्रशांत कुमार भी मौजूद रहे।