घर में मौजूद किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। क्षेत्र में किसान की पीट-पीटकर हत्या करने की चर्चा फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। परिजनों ने बिना कानूनी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। पुलिस किसान की मौत हार्ट अटैक से होने की बात कह रही है।
यह घटना रजबपुर थानाक्षेत्र के एक गांव की है। यहां पर किसान का परिवार रहता है। उनका बेटा यूपी पुलिस में कांस्टेबल है और उसकी तैनाती भाजपा के एक विधायक के साथ गनर के रूप में है। बुधवार की दोपहर किसान अपने घर पर मौजूद था। तभी उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कुछ ही देर में क्षेत्र में चर्चा फैल गई कि बेटे ने अपने पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के होश उड़ गए। आनन-फानन में थानाध्यक्ष रमेश सहरावत फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल पर जांच पड़ताल की। इसके बाद परिजनों ने बगैर कानूनी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। किसान की मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष के मुताबिक किसान की मौत हार्ट अटैक से हुई है। इससे पहले उन्हें दो बार अटैक आ चुका था। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया था। इसके बाद उन्होंने अंतिम संस्कार कर दिया है।