अमरोहा। ट्रेन की चपेट में आकर बुजुर्ग की मौत हो गई। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस की प्रथम दृष्टया जांच में बुजुर्ग की मौत चलती ट्रेन से गिरकर हुई है।
यह हादसा सोमवार की देर शाम अमरोहा रेलवे स्टेशन के निकट हुआ था। स्थानीय लोगों ने ट्रक के पास एक बुजुर्ग का शव पड़ा देखा। मृतक के चेहरे और टांग पर चोटों के निशान थे। जबकि एक हाथ टूटकर आड़ा-तिरछा हो गया था। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस और जीआरपी मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल पर जांच-पड़ताल की काफी मशक्कत करने के बाद भी शव की पहचान नहीं हो सकी। लिहाजा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस पर मोर्चरी में रखवा दिया है। एसओ सुनील मलिक ने बताया कि शव की शिनाख्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रथम दृष्टया जांच में आया है कि बुजुर्ग किसी ट्रेन से कहीं जा रहे थे और उनकी चलती ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। फिलहाल स्थानीय लोगों से भी शव की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।