अमरोहा। डीएम-एसपी ने कलक्ट्रेट सभागार में शारदीय नवरात्र, महाराजा अग्रसेन जयंती, रामलीला एवं दशहरा त्योहार को शांतिपूर्ण संपन्न कराने व व्यवस्थाओं को लेकर आयोजकों के साथ बैठक की। उन्होंने संयुक्त रूप से थानावार समीक्षा भी की।
डीएम निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि त्योहार सामाजिक समरसता एवं सौहार्द का प्रतीक हैं। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करें जिससे श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि शोभायात्रा के लिए निर्धारित मार्ग का ही उपयोग करें और कोई नई परपंरा न डालें। दशहरा स्थल, मेला एवं शोभायात्रा मार्गो को गड्ढामुक्त करें। उन्होंने धार्मिक स्थलों, मेला स्थल, पूजा पंडालों की साफ-सफाई कर पेयजल, प्रकाश, जलापूर्ति आदि की व्यवस्था कराने व रावण दहन स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने आयोजकों से शोभायात्रा में डीजे पर ध्वनि विस्तारक यत्रों का प्रयोग मानक के अनुरूप रखने को कहा। एसपी अमित कुमार आनंद ने आयोजन स्थलों को सीसीटीवी से लैस करने पर जोर दिया और कहा कि विद्युत सुरक्षा की जांच कर लें। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी हर प्रकार से सहयोग के लिए तैयार है। उन्होंने पुलिस के अधिकारियों से संबंधित क्षेत्रों का पैदल भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लेने को कहा। बैठक में वित्त एवं राजस्व एडीएम वित्त व राजस्व गरिमा सिंह, एएसपी अखिलेश भदौरिया, सभी एसडीएम व सीओ, थानाध्यक्ष समेत आयोजक मौजूद रहे।