अमरोहा। कांवड़ यात्रा के दौरान ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस इंस्पेक्टर द्वारा राहगीर से अभद्र व्यवहार करने के मामले में एसपी लखन सिंह यादव ने विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। प्रारंभिक जांच में आरोप प्रथमदृष्टया सही पाए गए हैं।
एसपी ने बताया कि एक अगस्त को थाना डिडौली क्षेत्र की जोया चौकी के अंतर्गत हाईवे पर कांवड़ रूट डायवर्जन ड्यूटी के दौरान जोया ओवरब्रिज के पास एक व्यक्ति से अभद्र व्यवहार किए जाने की शिकायत मिली थी। मामले की जांच सीओ नौगावां सादात को सौंपी गई।
जांच में उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर इंस्पेक्टर जय कुमार को प्रथमदृष्टया दोषी पाया गया। इसके बाद उनके विरुद्ध अधीनस्थ श्रेणी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की दंड एवं अपील नियमावली के तहत विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
एसपी ने कहा कि विभागीय जांच पूरी होने के बाद दोष सिद्ध होने पर बर्खास्तगी, वेतन में अवनति या अन्य वृहद दंड दिए जा सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसामान्य के साथ सम्मानजनक व्यवहार और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संवाद