नौगावां सादात। कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को नहर में युवक का शव पानी में उतराता मिला। नहर से गुजर रहे राहगीरों ने पानी में शव देखा तो आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस जांच में मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के गांव कलामपुर निवासी आदिल के रूप में हुई। बताया गया कि आदिल पिछले तीन-चार दिनों से लापता था। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। शव मिलने की सूचना पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उसकी पहचान की। परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले आदिल का घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वह घर से चला गया था और वापस नहीं लौटा।
युवक का शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक जानकारी जुटाई, लेकिन परिजनों ने शव को अपने साथ घर ले जाते हुए किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई और पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। हालांकि पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीओ अवधभान भदौरिया ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। यदि भविष्य में कोई शिकायत प्राप्त होती है या नए तथ्य सामने आते हैं तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।