अमरोहा धीरे-धीरे जनपद में डेेंगू और बुखार अपने पैर जमा लिए हैं। मलेशिया गांव में हालात बेहद खराब है। शुक्रवार को फिर जिले में डेंगू के चार मरीज मिले हैं। इसमें तीन मरीज अकेले मलेशिया गांव के हैं। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से प्रभावित इलाकों में एंटी लार्वा और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराया जा रहा है।
जिले में डेंगू, बुखार और मलेरिया का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। सरकारी अस्पताल से लेकर निजी चिकित्सकों के यहां बुखार के मरीजों की भरमार है। डेंगू के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं। सीएमओ डॉ संजय अग्रवाल ने बताया कि शुक्रवार को जिला अस्पताल सहित सभी सीएचसी-पीएचसी पर 3471 मरीज इलाज कराने पहुंचे। इसमें 92 मरीजों की टाइफाइड की जांच कराई गई थी। इसमें दस मरीज टाइफाइड के मिले हैं। जबकि 28 मरीज डायरिया के पाए गए। वहीं चार मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसमें तीन मरीज मलेशिया गांव के है। जबकि एक मरीज अन्य जगह का रहने वाला है। सीएमओ ने बताया कि मलेशिया गांव में लगातार कैंप लगाकर दवा दी जा रही है। लोगों को सैंपल कराए जा रहे है। डेंगू मच्छर के मारने के लिए फांगिंग, एंटी लार्वा और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराया जा रहा है।
सभी को जागरूक होने की जरूरत
अमरोहा। सीएमओ डॉ संजय अग्रवाल ने बताया कि डेंगू के फैलाव को रोकने के लिए केवल स्वास्थ्य विभाग ही नहीं, बल्कि आम जनता को भी जागरूक होना पड़ेगा। इसके लिए जहां भी पानी जमा दिखाई दे तो तुरंत इस पानी की सफाई कर दें या फिर उसमें मिट्टी का तेल डाल दें, ताकि लार्वा पैदा न हो सके। खाली प्लाटों में पड़ी गंदगी की साफ-सफाई करवा दें। गमले, कूलर व टायरों में पानी न रखें। यदि पहले से इनमें पानी हो तो तुरंत खाली कर दें। संवाद