सेना में भर्ती की नई अग्निपथ योजना के विरोध में भाकियू टिकैत गुट के पदाधिकारियों ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। योजना का विरोध जताया। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपकर योजना को वापस लेने की मांग की।
शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के जिलाध्यक्ष रामपाल सिंह के नेतृत्व में तमाम पदाधिकारी एकत्र हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां अग्निपथ योजना के विरोध में प्रदर्शन किया।
राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम बीके त्रिपाठी को सौंपकर बताया कि भारत सरकार ने सेना भर्ती के लिए अग्निपथ योजना की घोषणा की है। जिसमें युवाओं को चार साल के लिए संविदा पर सेना में भर्ती किया जाएगा तथा 75 फीसदी सैनिकों को चार साल के उपरांत सेवा मुक्त कर दिया जाएगा। इस योजना में पेंशन का कोई भी प्रावधान नहीं है। पिछले तीन वर्षों से सेना में कोई भर्ती नहीं हुई हैञ ऐसे में अग्निपथ योजना की घोषणा किसान, मजदूर, परिवारों के नौजवानों जो सेना में भर्ती होने के सपने पर कुठाराघात किया है। उनका भविष्य अंधकारमय हो गया है। इसलिए भारतीय किसान यूनियन अग्निपथ योजना का विरोध करती है। साथ ही युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए योजना को वापस लिया जाना अति आवश्यक है। इस दौरान आलोक कुमार, रामपाल सिंह, इंतजार अली, मुकेश कुमार, सुभाष चीमा, वीरपाल सिंह, इरफान, राजेंद्र सिंह, सतीश कुमार, रोहिताश कुमार, समरपाल सिंह आदि मौजूद रहे।