अमरोहा। फ्रेंड्स ऑफ अमरोहा ने दैनिक रेल यात्रियों की मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। एमएसटी को बहाल करने की मांग की। जिससे दिल्ली, मुरादाबाद और अन्य जगहों पर रोजाना आने जाने वाले लोगों को राहत मिल सके। बस और प्राइवेट वाहनों से आना-जाना खर्चीला हो गया है। रेलमंत्री को संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन स्टेशन अधीक्षक को सौंपा।
अध्यक्ष अहमद जैदी की अगुवाई में संगठन से जुड़े लोग रविवार को रेलवे स्टेशन परिसर पहुंचे। उन्होंने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर पर काबू पा लिया गया है। बाजार पूरी तरह खोल दिए गए हैं लेकिन रेल मंत्रालय रोजाना आने जाने वाले लोगों के लिए सहूलियत नहीं दे रहा है। ट्रेनों का संचालन नियमित तौर पर बहाल नहीं हो सका है। इसके चलते रोजाना दिल्ली समेत अन्य महानगरों में नौकरी करने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई है। लॉकडाउन से आय प्रभावित हो गई है, दरअसल हर चीज महंगी हो गई है आवागमन के लिए प्राइवेट वाहनों के इस्तेमाल से अतिरिक्त रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। जनरल टिकट को भी बहाल करें ताकि काउंटर से टिकट खरीदकर लोग यात्रा कर सके। रेलगाड़ियों में कोच की संख्या बढ़ाई जाए ताकि कोविड 19 के प्रोटोकॉल का पालन कराया जा सके। इस दौरान कमर नकवी, फहीम नबी सिद्दीकी, नईम शेख, शाहनवाज अहमद, नावेद नकवी, शानू खान, फैज आलम, डॉ. काशिफ, अब्दुल्ला, सुहैल आदि रहे।