सैदनगली नगर पंचायत में वार्डों के गठन को जल्द ही परिसीमन शुरू हो जाएगा। शासन से वार्डों के गठन के लिए परिसीमन का निर्धारण करने के आदेश प्राप्त हो चुके हैं। उधर, नगर पंचायत के भवन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।
सैदनगली ग्राम पंचायत को नगर पंचायत बनाने की मांग वर्ष 2018 में रात्रि प्रवास के दौरान सैदनगली आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भाजपा जिला महामंत्री अभिनव कौशिक और क्षेत्रीय विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी ने की थी। तब मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया था कि जल्द ही सैदनगली को नगर पंचायत के रूप में तब्दील किया जाएगा। दिसंबर 2020 में शासन की ओर से सैदनगली नगर पंचायत सृजित की गई थी। इसमें सैदनगली समेत आसपास की चार ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया था। जिसमें सैदनगली, मेहंदीपुर, शब्दलपुर, मढैया, चांदपुर, इंकौदा व ककरौला गांव एवं उनके मजरे शामिल हैं। नगर पंचायत बनने के बाद ईओ के रूप में हसनपुर नगर पालिका के ईओ निहाल सिंह को ही अतिरिक्त चार्ज दिया गया एवं स्टाफ भी अधिकांश हसनपुर का ही है। तब से सैदनगली नगर पंचायत में अनेकों विकास कार्य भाजपा जिला महामंत्री एवं नगर पंचायत के स्वच्छता प्रेरक अभिनव कौशिक की देखरेख में कराए जा चुके हैं।
नगर पंचायत के भवन का निर्माण भी तेजी के साथ चल रहा है। अब लिंटर डालने की तैयारी की जा रही है। दिसंबर माह में होने वाले निकाय चुनाव से पूर्व पूरी तरह से नगर पंचायत का भवन बनकर तैयार हो जाएगा। इसके वार्डों के गठन ने लिए शासन के निर्देश प्राप्त हो चुके हैं। अपर मुख्य सचिव डॉ.रजनीश दबे ने जिलाधिकारी को नवसृजित नगर पंचायत के में वार्डों के गठन को सीमा विस्तार एवं परिसीमन के निर्देश दिए हैं। जल्द ही वार्डों के गठन के लिए परिसीमन का कार्य शुरू हो जाएगा।
नवसृजित नगर पंचायत सैदनगली के वार्डों के गठन के लिए परिसीमन का कार्य जल्द शुरू हो जाएगा। इसके लिए शासन से निर्देश प्राप्त हो चुके हैं।-निहाल सिंह, ईओ नगर पंचायत सैदनगली