फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

घट रहा तापमान, बढ़ रहा बुखार का कहर

विज्ञापन
अमरोहा जिला अस्पताल में मंगलवार को लगी मरीजों की लाइन। - फोटो : JPNAGAR
विज्ञापन
अमरोहा। उत्तर प्रदेश में डेंगू और वायरल बुखार तेजी से लोगों को शिकार बना रहा है। प्रदेश में डेंगू के कारण 100 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। पूर्वी प्रदेश में तो संदिग्ध बुखार कहर बनकर टूट रहा है। बरसात के मौसम में अमरेेहा में भी बुखार ने पैर पसार लिए हैं। वायरल बुखार, सर्दी, खांसी जुकाम, मलेरिया, टाइफाइड लोगों को जकड़ रहा है। इससे घर-घर लोग बीमारी की जद में हैं।
विज्ञापन

वायरल फीवर लोगों को कितनी तेजी से अपनी जद में ले रहा है, इसकी पुष्टि पीएचसी, सीएचसी और जिला अस्पताल के आंकड़ों से की जा सकती है। सप्ताह भर के आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रतिदिन जिला अस्पताल में एक हजार से 12 सौ मरीज इलाज कराने आ रहे हैं। इनमें 40 से 45 फीसदी बुखार के मरीज है। यह आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को अस्पतालों में मरीजों की लंबी लाइन लगी रही। चिकित्सक कक्षों के बाहर मरीज अपने नंबर के इंतजार में बैठे दिखे। जिले में तेजी से फैल रहे बुखार से लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। हालांकि अभी तक किसी मरीज को डेंगू की पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन, जनवरी माह से अब तक मलेरिया के 17 मरीज मिल चुके हैं। हसनपुर के एक ग्राम प्रधान सहित दो की बुखार से मौत हो चुकी है, जो स्वास्थ्य विभाग के आकड़ों में दर्ज नहीं हैं।
सुबह 11 बजे: जिला अस्पताल
अमरोहा। मंगलवार की सुबह 11 बजे जिला अस्पताल में वायरल बुखार से ग्रस्त मरीजों की भारी भीड़ दिखाई दी। रजिस्ट्रेशन कक्ष से लेकर चिकित्सक कक्षों के बाहर लोग लाइन में लगे दिखे। कई मरीज अपनी नंबर के इंतजार में बैंच पर ही बैठे थे। कई कक्षों में चिकित्सक नदारद थे, इसलिए मरीज भटकते दिखे। सीएमएस डॉ एके गुप्ता ने बताया कि जिला अस्पताल में रोजाना एक हजार से 1200 मरीज आ रहे हैं। इसमें से 40 से 45 फीसदी मरीज बुखार के हैं। बुखार के मरीजों की मलेरिया, टायफाइड की जांच कराई जा रही है। साथ ही मरीजों को सावधानी बरतने के लिए कहा जा रहा है। यही हालत नगर सीएचसी, जोया, नौगांवा सादात और रजबपुर पीएचसी के हैं। सभी अस्पतालों में बुखार के मरीजों की भरमार है।
विज्ञापन

सुबह 11:30 बजे मंडी धनौरा सीएचसी
मंडी धनौरा। मंगलवार की सुबह 11:30 बजे सरकारी और निजी अस्पतालों में बुखार और खांसी के रोगियों की भरमार देखी गई। नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केेंद्र पर दोपहर तक 215 रोगियों को ओपीडी हुई। जिसमें करीब 40 प्रतिशत रोगी वायरल बुखार से पीड़ित थे। बुखार से पीड़ित रोगियों में मलेरिया और टायफायड बुखार की शिकायत भी आ रही है। दो दिन पहले एक रोगी में लक्षण मिलने पर डेंगू का टेस्ट कराया गया था, लेकिन वह निगेटिव आया है।
गजरौला में 395 मरीज पहुंचे, अधिकतर बुखार से पीड़ित
गजरौला। नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 12:27 बजे पर्चा बनवाने के लिए मरीजों की भीड़ देखी गई। दोपहर तक कुल 395 मरीजों ने पंजीकरण कराया। लोगों ने लाइन में लगकर चिकित्सकों से परामर्श लिया। इस दौरान अधिकतकर मरीज बुखार से पीड़ित थे। जबकि अन्य मरीजों को खांसी जुकाम, गला खराब, आंखों, त्वचा रोग की दिक्कत थी। दिनभर अस्पताल में मरीजों की भीड़ लगी रही। यह हाल निजी अस्पतालों का भी रहा है।
350 में से 100 लोगों को बुखार
रहरा। रहरा क्षेत्र में बुखार पैर पसार रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर 12:40 बजे आठ से 10 मरीज अपना पर्चा बनवाते मिले। जबकि कुछ मरीज चिकित्सकों के कक्ष के बाहर लाइन में लगे थे। सीएचसी प्रभारी सौरभ त्यागी के अनुसार रोजाना 300 से 350 मरीज आ रहे है, इसमें 100 लोग बुखार से ग्रस्त होते हैं। प्रतिदिन मलेरिया एवं टाइफाइड की 20 जांच हो रही हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें