गजरौला के ललिता देवी मंदिर पर प्रसाद चढ़ाने को उमड़ी श्रद्घालुओं की भीड़। संवाद
- फोटो : JPNAGAR
चैत्र माह के दूसरे मंगलवार को ललिता देवी मंदिर में पूजा अर्चना को लेकर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मनौती मांगने और बच्चों का मुंडन संस्कार कराने के लिए सुबह से शुरू हुई श्रद्धालुओं की लाइन दोपहर तक लगी रही।
ललिता देवी मंदिर पर मंगलवार को दूर-दूर तक के श्रद्धालु उमड़े। इनमें किसी को मनौती मांगनी थी तो किसी को अपने बच्चे का मुंडन संस्कार कराना था। जिनकी मनोकामना पूर्ण हो गई थी, वह धन्यवाद करने आए थे। लंबी लाइन के बीच सबको अपनी बारी का इंतजार था। श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना कर मनौतियां मांगीं। नारियल का प्रसाद चढ़ाया। कई श्रद्धालुओं ने अनाज का भी प्रसाद चढ़ाया। इस दौरान बच्चों के मुंडन संस्कार कराए गए। मंदिर में पूजा अर्चना के बाद महिलाओं ने मेले में खरीदारी की। वहीं बच्चों ने चाट-पकौड़ी का आनंद लिया। गर्मी में गला तर करने को गन्ने का रस पिया। भीड़ के कारण खासी अव्यवस्था का भी सामना करना पड़ा, लेकिन श्रद्धा अव्यवस्था पर भारी पड़ी।
पूजा करने आईं देवरानी-जेठानी के गले से सोने की चेन खींच ली
ललिता देवी मंदिर में पूजा अर्चना करने और मनौती मांगने आईं देवरानी-जेठानी के गले से सोने की चेन खींच ली गई। पता चलने पर उन्होंने शोर मचाया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
29 मार्च को चैत्र माह के दूसरे मंगलवार को ललिता देवी मंदिर पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। नगर के फाजलपुर निवासी संजीव की पत्नी पायल आर्य अपनी जेठानी पुष्पा पत्नी राजीव कुमार के साथ मंदिर में पूजा अर्चना करने और मनौती मांगने आई थीं। दोनों का कहना है कि उन्होंने सोने की दो-दो तोले की चेन पहन रखी थीं। जब तक वह अपनी बारी आने के लिए लाइन में लगी रहीं, उनके गले में चेन थी। जैसे ही वह अंदर प्रसाद चढ़ाने गईं, भीड़ में शामिल किसी महिला ने उन दोनों के गले से सोने की चेन खींच ली। झटका लगने पर उनको चेन खींचे जाने का आभास हुआ। उन्होंने शोर मचाया। पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी। दोनों ने पुलिस को तहरीर दी। थानाध्यक्ष विनय कुमार का कहना है कि आरोपियों का सुराग लगाया जा रहा है।