कैलसा से कांठ बाईपास मार्ग पर पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने घेराबंदी कर तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए बदमाश मुरादाबाद निवासी ज्वैलर्स के घर डकैती का षड्यंत्र रचा था। तीनों बदमाशों के खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से अवैध हथियार व दो बाइक बरामद की हैं।
सोमवार को पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस करते हुए बताया कि रविवार की रात इंस्पेक्टर राजेंद्र नागर ने टीम के साथ कैलसा चौराहे से कांठ बाईपास मार्ग पर बाइक सवार पांच युवकों को घेर लिया। खुद को घिरता देख इन युवकों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी फायरिंग की।
इस मुठभेड़ में पुलिस ने तीन युवकों को घेर लिया। जबकि, उनके साथी चकमा देकर भाग गए। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार बदमाश अजहर निवासी मोहल्ला अफगनान, नवाजिश निवासी मोहल्ला नियारियान तथा मुशाहिद उर्फ भतीजा निवासी मोहल्ला कुरैशी कोतवाली अमरोहा नगर हैं। बताया कि 23 फरवरी की रात में मुरादाबाद में मंडी चौक स्थित एक ज्वैलर्स के घर पर डकैती डालने की कोशिश में फैजान को लोगों ने घेरकर पकड़ लिया था। जबकि, यह तीनों भाग गए थे। घटना से पहले नवाजिश ने रेकी की थी।
जिसके बाद यह तीनों मुरादाबाद पुलिस से छिप रहे थे। लूट की बड़ी वारदात को अंजाम देकर प्रदेश से भागने की फिराक में थे। इनके पास से तमंचे, कारतूस व दो बाइक बरामद हुई हैं। कोतवाली अमरोहा नगर में इनका बड़ा अपराधिक रिकार्ड है।