अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
सिरसा एसआईटी की ओर से 25 अगस्त 2017 को सिरसा में हुई हिंसा मामले में गिरफ्तार किए गए डेरा सच्चा सौदा के साधु गुरदत्त से पूछताछ करने के लिए सोमवार को पंचकूला के एसीपी मुकेश मलहोत्रा के नेतृत्व में एक टीम सिरसा पहुंची। एसीपी मुकेश मलहोत्रा पंचकूला एसआईटी के इंचार्ज हैं। पंचकूला पुलिस ने गिरफ्तार किए गए साधु गुरदत्त से पूछताछ की।
पंचकूला पुलिस ने गुरदत्त से पूछा कि पंचकूला हिंसा में डेरा के कौन-कौन से साधु शामिल रहे हैं। पूछताछ के बाद गुरदत्त को वापस सिरसा पुलिस को सौंप दिया गया। पंचकूला एसीपी ने उपायुक्त प्रभजोत सिंह से उनके कार्यालय में जाकर मुलाकात की। दोनों अधिकारियों में डेरा सच्चा सौदा कांड का लेकर काफी देर तक बातचीत हुई। इसके बाद पंचकूला एसीपी ने पुलिस अधीक्षक सिमरदीप सिंह से मुलाकात की। डेरा सच्चा सौदा मामले में सिरसा पुलिस जांच की अपडेट लेकर एसीपी मुकेश मलहोत्रा अपनी टीम के साथ वापिस पंचकूला रवाना हो गए। सिरसा एसआईटी ने गुरदत्त को सोमवार शाम साढ़े चार बजे सीजेएम कोर्ट में पेश किया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
जो जानकारी चाहिए थी मिल गई
सिरसा एसआईटी की ओर से गिरफ्तार किए गए डेरा के साधु गुरदत्त से पंचकूला पुलिस को कुछ सवालों के जवाब चाहिए थे। इसलिए गुरदत्त से पंचकूला पुलिस ने पूछताछ की है। उससे जो जानकारी चाहिए थी, वो पूछताछ में मिल गई।
-मुकेश मलहोत्रा, एसीपी हेडक्वार्टर पंचकूला।