अमरोहा में चोरी का खुलासा के दौरान आरोपी।
शहर कोतवाली पुलिस ने एक बदमाश को दबोचकर चोरी की चार वारदात का पर्दाफाश किया। जिसकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया है। शातिर दिन में रेकी कर दुकान व मकान चिह्नित करते थे और रात में साथियों संग वारदात को अंजाम देता था।
शुक्रवार की रात नगर कोतवाली पुलिस ने वासुदेव मोड़ से शातिर चोर को धर दबोचा। उसके पास से एक तमंचा व एक जिंदा कारतूस मिला। पुलिस ने जब कोतवाली लाकर पूछताछ की तो उसने अपना नाम दिलीप पुत्र राजन निवासी मोहल्ला कुरैशी बताया और साथियों के साथ चोरी की चार वारदात करना कुबूल किया। पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि शातिर चोर गैंग का सक्रिय सदस्य है और उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। दिलीप ने बताया कि वह लोग दिन में भ्रमण कर ऐसे मकान व दुकान तलाशते थे जिनमें ताले पड़े हैं। रात को मौका देखते ही घटना करते थे। उसने साथियों के नाम बताए हैं। जल्द ही पुलिस उनको पकड़कर सलाखों के पीछे पहुंचाएगी। उसकी निशानदेही पर चोरी किए 5750 रुपए, दो बैट्री बड़ी, एक बैट्री छोटी व एक सिलेंडर बरामद किया है। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र कुमार नागर, एसआई राकेश कुमार सिंह, एसआई पवन कुमार, एसआई हरि सिंह, कांस्टेबल मोहित कुमार, अमित कुमार, अमित पंवार शामिल रहे।