नाराहट थानांतर्गत झरावटा गांव में शनिवार की रात घर के बाहर स्थित टीनशेड के नीचे चारपाई पर सो रहे पप्पू की नुकीले हथियार से हुई हत्या के मामले में शक की सुई करीबियों के आस पास घूम रही है। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर जमीनी विवाद के चलते गांव के एक परिवार के कुछ लोगों पर हत्या के शक की आशंका में पूछताछ के बाद उन्हें क्लीन चिट दे दी है।
गौरतलब है कि शनिवार की रात झरावटा गांव निवासी पप्पू पाल पुत्र परसू घर के बाहर सो रहा था। देर रात अज्ञात हत्यारोपियों ने उसके चहरे व सिर पर नुकीले हथियार से प्रहार कर उसकी नृसंस हत्या कर दी थी। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात हत्यारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। मृतक के पिता ने गांव के व्यक्तियों पर जमीनी विवाद के चलते हत्या कर देने का शक बताते हुए पूछताछ करने की बात कही थी। पूछताछ में आरोपियों को हत्या जेसे जघन्य अपराध में उनकी संलिप्तता न होते देख उन्हे क्लीन चिट दे दी है। जांच के दौरान कुछ ऐसे सबूत मिले हैं जिससे पुलिस की शक की सुई करीबियों के आस पास घूम रही है। हत्या के बाद से ही गांव में गमगीन माहौल बना हुआ है। सभी की निगाहें पुलिस की जांच पर टिकी हुई है। अनुमान लगाया जा रहा है कि पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर अंधे हत्या कांड से पर्दा उठा सकती है।