अमर उजाला ब्यूरो
गजरौला।
ब्रजघाट से लौट रहे चिनोरी व्यापारी को बाइक सवार बदमाशों ने निशाना बिना लिया। बुधवार शाम चार बजे हाईवे पर जीरो बंधा के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे लहराते हुए व्यापारी से दो लाख रुपये लूट लिए। पीड़ित ने 100 नंबर पर फोन कर सूचना देने का प्रयास किया, लेकिन कॉल नहीं लगी।
हसनपुर के मोहल्ला होलीवाला निवासी मुनेश पुत्र मुन्ने लाल मिठी चिनोरी का काम करता है। ब्रजघाट में तमाम दुकानों पर प्रसाद के रूप में बेची जाने वाली चिनोरी मुनेश के पास से ही जाती है। मुनेश ने बताया कि बुधवार शाम करीब चार बजे वह ब्रजघाट में स्थित कई दुकानदारों से रुपये लेकर लौट रहा था। नेशनल हाईवे पर जीरो बंधा के पास पीछे से आई काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने तमंचा लहराते हुए रुपये से भरा थैला लूट लिया और धमकी देते हुए पीछे की दिशा में भाग गए। बताया कि थैले में करीब दो लाख रुपये की नगदी रखी थी। इस दौरान 100 नंबर पर कॉल करने का प्रयास किया, लेकिन कॉल कनेक्ट नहीं हो पाई। पीड़ित बिना पुलिस को सूचना दिए ही हसनपुर चला गया।