अमरोहा। नौगांवा सादात थाना क्षेत्र के गांव अव्वलपुर में विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में झुलस गई। उसका शरीर नब्बे प्रतिशत जल गया। उसे बचाने के चक्कर में पति भी झुलसा गया। मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालियों पर दहेज के लिए केरोसिन उड़ेलकर आग लगाने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। विवाहिता को गंभीर हालत में दिल्ली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
देहात थाना क्षेेत्र के गांव कटाई निवासी नरेश सिंह पेशे से किसान है। चार साल पहले उन्होंने बेटी अनीता (25) की शादी नौगांवा सादात थाने के गांव अव्वलपुर निवासी रघुवीर सिंह के बेटे चमन सिंह के साथ की थी। विवाहिता के दो लड़के हैं। शनिवार की शाम अनीता संदिग्ध परिस्थितियों में आग में झुलस गई। उसे बचाने के चक्कर में चमन के भी हाथ-पैर और मुंह झुलस गया। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग पहुंच गए। ससुरालियों पर दहेज के लिए अनीता को प्रताड़ित करने और केरोसिन उड़ेलकर आग लगाने का आरोप लगाया। सूचना पर डायल 100 पुलिस टीम और स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। विवाहिता और उसके पति को जिला अस्पताल भर्ती कराया। इसके बाद मायके पक्ष के लोग विवाहिता को शहर के निजी अस्पताल ले गए। विवाहिता 90 प्रतिशत झुलस चुकी थी। डॉक्टरों ने उसके गंभीर हालत में दिल्ली के बर्न यूनिट रेफर कर दिया। इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि विवाहिता की हालत गंभीर बनी हुई है। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।