उझारी। दोस्त के भाई की शादी समारोह से लौट रहे सफाई कर्मचारी की सड़क हादसे में मौत हो गई। उझारी-ढबारसी मार्ग पर सवारी का इंतजार करते समय किसी वाहन ने सफाई कर्मी को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।
नगर पंचायत उझारी में संविदा पर तैनात सफाई कर्मचारी वेदप्रकाश उर्फ पूनी शनिवार की रात थाना सैदनगली के गांव मिर्जापुर में दोस्त के भाई की शादी समारोह में शामिल होने गया था। मिर्जापुर से लौटते समय वह ससुराल चकुनी चला गया। चकुनी से रात करीब आठ बजे घर आने के लिए उझारी ढबारसी मार्ग पर किसी सवारी का इंतजार करने लगा। उसी समय किसी अज्ञात वाहन ने वेद प्रकाश को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।