गजरौला (अमरोहा)। हाईवे पर सीओ आफिस के सामने डीसीएम और कार की भिड़ंत में चपेट में आने से साइकिल सवार वृद्ध की मौत हो गई। गाड़ी में सवार महिला-पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। आरोपी चालक डीसीएम सहित फरार हो गया। हादसे से हाईवे पर कुछ देर के लिए जाम लगा रहा। देर शाम जानकारी मिली कि कार चालक व्यक्ति ने मेरठ में देर शाम दम तोड़ दिया। जबकि महिला का उपचार चल रहा है।
दिल्ली नंबर की स्विफ्ट डिजायर गाड़ी में सवार महिला व पुरुष दिल्ली की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सीओ आफिस के सामने चालक ने तेज गति में डीसीएम को साइड रोड से हाईवे पर चढ़ा दिया। मुरादाबाद से दिल्ली की ओर जा रहे गाड़ी सवार चालक तेज गति में नियंत्रित नहीं कर सका और अचानक आगे आई डीसीएम से टकरा गया। हादसे में हाईवे पर साइकिल से जा रहे गांव शहबाजपुर डोर निवासी वृद्ध आसफ अली (75) उसकी चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक डीसीएम सहित फरार हो गया। मौके पर जमा भीड़ ने पुलिस को सूचना दी। हादसे में क्षतिग्रस्त गाड़ी से पुरुष और महिला को बमुश्किल बाहर निकाला और निजी चिकित्सक के यहां ले गए। वहां से दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। हादसे के बाद वाहनों की लाइन लग गई। वाहनों की लाइन लगने से जाम लग गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को हटवाया, उसके बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने हादसे में मृत वृद्ध का शव कब्जे में लेकर पंचनामा भर दिया तथा पोस्टमार्टम को भेज दिया।
हादसे में घायल गाड़ी चालक की मौत
गजरौला। क्षतिग्रस्त गाड़ी रखे सामान की तलाशी लेने पर पुलिस को गाड़ी में सवार पुरुष का ड्राइविंग लाइसेंस मिला है। लाइसेंस में घायल व्यक्ति का नाम सुभ्रो दास ठाकुर पुत्र एसपी दास ठाकुर निवासी जे-टू, फर्स्ट फ्लोर कैलाश कालोनी, नई दिल्ली लिखा हुआ है। मोबाइल पर आई कॉल से घायलों के बारे में सूचना दे दी गई। देर शाम जानकारी मिली कि गाड़ी चालक सुभ्रो दास ठाकुर की मेरठ में उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं गाड़ी में सवार महिला की शिनाख्त मुरादाबाद के थाना सिविल लाइन निकट आंबेडकर पार्क निवासी रिया पुनिया पुत्री वाईके पुनिया के रूप में हुई है। रिया का मेरठ के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।