हसनपुर (अमरोहा)। नगर में रहरा रोड बाईपास पर स्थित फर्नीचर के शोरूम पर जीएसटी की टीम ने छापामार कार्यवाई की। जिससे शोरूम पर काम करने वाले लोगों में खलबली मच गई। इस दौरान टैक्स से संबंधित दस्तावेज चेक किए गए। टैक्स चोरी का मामला सामने आने पर 11 लाख की पैनल्टी मौके पर ही जमा कराई। इसके अलावा 35 लाख का माल सील कर दिया गया। लेनदेन से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेजों को कब्जे में किया गया है।
नगर में संभल अड्डे के पास रहरा बाईपास रोड पर जसपुर वालों के नाम से महशूर हिंदुस्तान ट्रेडर्स फर्नीचर का शोरूम स्थित है। बताते हैं कि टैक्स चोरी की सूचना पर मंगलवार दोपहर को मुरादाबाद जीएसटी असिस्टेंट कमिश्नर पंकज कुमार, डिप्टी कमिश्नर अनिल कुमार, कॉमर्शियल टैक्स आफिसर नवीन कुमार और असिस्टेंट कमिश्नर वीके सरोज की टीम हिंदुस्तान ट्रेडर्स पर पहुंची। यहां टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी। शोरूम के कार्यालय में लेनदेन से संबंधित कागज, नए-पुराने बिलों की जांच पड़ताल की गई। यहां टीम को प्रथम दृष्टतया जांच में गड़बड़ी मिली। ट्रैक्स चोरी भी उजागर हुई। जीएसटी टीम की छापेमारी के दौरान शोरूम पर काम करने वाले लोगों में खलबली मची रही। दो घंटे तक टीम की जांच पड़ताल चलती रही। इस दौरान टीम ने गड़बड़ी के चलते करीब 35 लाख रुपये का माल सील कर दिया और टैक्स चोरी होने पर 11 लाख रुपये पैनल्टी के रूप में मौके पर ही जमा कराए। कुछ अन्य जरूरी कागजों को दिखाने के लिए कहा गया है। यदि शीघ्र ही कागज नहीं दिखाए गए हैं तो कड़ी कार्रवाई की हिदायत दी गई है। जीएसटी टीम की कार्रवाई से क्षेत्र में टैक्स चोरी कर व्यापार चलाने वाले लोगों में खलबली मची हुई है।
हसनपुर में हिंदुस्तान ट्रेडर्स फर्नीचर शोरूम पर टैक्स चोरी की सूचना पर छापा मारा गया था। यहां जांच पड़ताल में टैक्स चोरी मिली है। गड़बड़ी मिलने पर 11 लाख रुपये पैनल्टी के रूप में मौके पर ही जमा कराए हैं। जबकि करीब 35 लाख रुपये का माल सील किया है। जरूरी दस्तावेजों को कब्जे में किया गया है।
- अनिल कुमार, डिप्टी कमिश्नर, जीएसटी मुुरादाबाद।