अमरोहा। दिल्ली एनसीआर में ई-रिक्शा चोरी करने वालेे गिरोह का गजरौला पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। अलीगढ़ और संभल निवासी चोर ई-रिक्शा चोरी की घटना को अंजाम देते थे। पुलिस ने चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से सात ई-रिक्शा बरामद हुए हैं। पुलिस ने सभी को जेल भेज दिया है। अभी तक गिरोह का सरगना पुलिस की गिरफ्त से दूर है।
मंगलवार को एसपी डॉ. विपिन ताडा ने पुलिस ऑफिस में चोर गिरोह का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। सोमवार की रात एएसपी बृजेश सिंह व सीओ धनौरा मोनिका यादव के निर्देशन में गजरौला इंस्पेक्टर नीरज कुमार, एसआई प्रमोद कुमार, कांस्टेबल संदीप कुमार, परमवीर सिंह, विजय कुमार, अरूण कुमार, सुमित कुमार, संदीप ढाका और गौरव कुमार जीरो बंदा पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान चार संदिग्धों को अवैध तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में चारों संदिग्ध ई-रिक्शा चोर गिरोग के सदस्य निकले। इनके कब्जे से बरामद हुए ई-रिक्शा चोरी के निकले। जबकि इनकी निशानदेही पर ग्राम मोहम्मदपुर के जंगल में बने खंडहर से अन्य तीन ई-रिक्शा बरामद किए गए। एसपी के मुताबिक पकड़े गए आरोपी संभल के मोहल्ला नूरिया सराय निवासी जावेद, साजिद, अकबर और अलीगढ़ के गांव खंजी नंगला निवासी उमेश यादव हैं। जिन्होंने घटनाओं को कबूल किया है कि वह दिल्ली एनसीआर क्षेत्र से ई-रिक्शा चोरी कर गजरौला और आसपास के क्षेत्रों में बेच देते हैं। फिलहाल बरामद ई-रिक्शा और गिरफ्तार चोरों का रिकार्ड खंगाला जा रहा है।