अमरोहा। हलवाई की पत्नी पर एसिड अटैक के मामले में नगर कोतवाली पुलिस ने नया खुलासा किया है। जेल भेजे गए युवकों ने नहीं बल्कि बहन के दोस्त ने डाला तेजाब था। महिला बहन की शादी का विरोध करती थी। इसके चलते वारदात को अंजाम दिया गया। इतना ही नहीं, शादी नहीं करने पर वह पीड़िता की बहन को तेजाब डालकर जलाने की धमकी दे रहा था। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। इसके कब्जे से चार लीटर तेजाब और जले हुए कपड़े बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
बुधवार को एसपी डॉ. विपिन ताडा ने खुलासा करते हुए बताया कि गुरुवार को नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला निवासी हलवाई की पत्नी पर तेजाब से हमला किया गया था। इसमें महिला और उसकी बेटी बुरी तरह झुलस गई थी। महिला का दिल्ली में इलाज चल रहा है। पति की तहरीर पर पुलिस ने मोहल्ले के ही रहने वाले आकाश और मनीष को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन शुरू से ही मामला संदिग्ध दिखाई पड़ रहा था। एएसपी बृजेश सिंह ने निर्देशन में कोतवाली पुलिस मामले की विवेचना कर रही थी। इंस्पेक्टर सतीश कुमार, एसआई सतेंद्र, उमा शंकर और कांस्टेबल नरेश कुमार ने मुरादाबाद के थाना कांठ के मोहल्ला चौक बाजार निकट जामा मस्जिद निवासी दीपक को गिरफ्तार कर लिया। एसपी के मुताबिक दीपक तेजाब पीड़िता की बहन का दोस्त है। वह दोनों एक ही मोहल्ले के रहने वाले हैं। दीपक उससे शादी करना चाहता था, लेकिन महिला इसका विरोध करती थी। इसी बात से नाराज होकर दीपक ने महिला के ऊपर तेजाब डालने की घटना को अंजाम दिया। तेजाब डालने के मामले में दो युवकों के जेल जाने की जानकारी होने पर दीपक बेफिक्र हो गया। उसने पीड़िता की बहन को उसके घर जाकर धमकी दी कि वह उससे शादी कर लें, वरना उसका हाल भी उसकी बहन जैसा कर देगा। एसपी ने बताया कि तेजाब फेंकते समय दीपक के हाथ और कपड़े भी जल गए थे। पुलिस ने जले कपड़े बरामद कर लिए हैं।
आकाश और मनीष के मामले में होगी 169 सीआरपीसी की कार्रवाई
अमरोहा। एसिड अटैक की घटना का खुलासा करते हुए एसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि इस मुकदमे में जेल भेजे गए आकाश और मनीष निवासी मोहल्ला शाहअली सराय झूठे पाए जा रहे है। जिनके संबंध मेें 169 सीआरपीसी की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।