हसनपुर। कोतवाली क्षेत्र के गांव में घर के सामने रास्ते पर खेल रहे करीब बारह वर्षीय किशोर को जुगाड़ ने टक्कर मार दी। घायल को हसनपुर निजी अस्पताल में लाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
बताते हैं कि गांव पिपलोती खुर्द निवासी फुरकान का करीब बारह वर्षीय बेटा हारिश मंगलवार शाम को घर के सामने रास्ते पर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी बीच वहां से गुजर रहे एक जुगाड़ ने टक्कर मार दी। हादसे में हारिश बुरी तरह से घायल हो गया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। उसे आनन-फानन में हसनपुर के निजी अस्पताल में लाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हारिश की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। घर में ईद की खुशियां काफुर हो गईं। परिजन बिना किसी कार्रवाई के ही शव का दफीना करने की तैयारी में है।