मुरादाबाद। प्रेम संबंध में धोखा देकर प्रेमी द्वारा दूसरी युवती से निकाह करने की शिकायत पुलिस से करने पर 25 वर्षीय तरन्नुम की पेट में चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि वारदात को युवती के प्रेमी ने फोन कर मामले में सुलह करने के बहाने बुलाकर सोमवार की रात को अंजाम दिया। घटना मझोला थानाक्षेत्र की जयंतीपुर चौकी क्षेत्र 59 वाली गली के पास की गई है। आरोपी फरार है। युवती के भाई की शिकायत पर उसके खिलाफ मझोला पुलिस ने नामजद एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
कटघर के पचपेड़ा में रहने वाली तरन्नुम का चार साल पहले मोहल्ले में ही रहने वाले कपड़ाें की फेरी लगाने वाले वसीम से निकाह हुआ था। दंपती के एक संतान भी हुई, जिसके मौत हो गई। निकाह के करीब एक-डेढ़ साल बाद पति से उसका तलाक हो गया था। जिसके बाद वह जयंतीपुर में अपनी रिश्तेदार अकीला के घर आकर रहने लगी थी, यहीं पर ही उसकी मुलाकात मीट विक्रेता गुलाम मोहम्मद से हो गई थी। गुलाम मोहम्मद मैनाठेर के मुंडी मिलक गांव का रहने वाला है। उसने जयंतीपुर में किराए पर कमरा लिया है। जहां पर तरन्नुम से वह अक्सर मिलता जुलता भी था। भाई यूनुस ने बताया कि गुलाम ने तरन्नुम से निकाह का वादा भी किया था, लेकिन तीन माह पहले ही उसने तरन्नुम को बिना बताए किसी दूसरी युवती से निकाह कर लिया है। जिसकी जानकारी मिलने पर करीब पांच दिन पहले तरन्नुम ने पुलिस से शिकायत की थी। आरोप लगाया था कि गुलाम ने निकाह का झांसा देकर उसका उत्पीड़न किया है। अब धोखा देकर दूसरा निकाह कर लिया है। इसकी भनक लगने पर सोमवार की रात को करीब सवा नौ बजे गुलाम ने तरन्नुम को फोन कर मिलने के लिए 59 वाली गली के पास बुलाया, जहां पर उसने तरन्नुम को चाकू से गोद डाला, जिससे उसकी मौत हो गई।
‘ गुलाम मोहम्मद के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उसकी तलाश में पुलिस की टीम लगी है। तरन्नुम ने पूर्व में गुलाम के खिलाफ कब शिकायत की है, इस संबंध में भी जानकारी की जाएगी।’
जे रविंदर गौड, डीआईजी
‘ चौकी में महबूब से लिपटकर बोली तरन्नुम- मुझे बचा लो’
मुरादाबाद। रात करीब साढे़ नौ बजे का वक्त रहा होगा, जयंतीपुर में ही रहने वाले महबूब पुलिस चौकी जयंतीपुर में मौजूद थे, वह पेशे से पेंटर हैं। घर के पास ही पुलिस चौकी है तो वह वहां पर चले जाते हैं। महबूब ने बताया कि तरन्नुम भी उनके घर के पास ही रहती थी, वह उनको भैया कहती थी।
रात को साढे़ नौ बजे वह पुलिस चौकी में खून से लथपथ हालत में पहुंची। महबूब ने बताया कि चौकी के गेट के पास ही तरन्नुम ने उनको देखा और गले से लिपट गई। उसने बताया कि भैया मुझे बचा लो, गुलाम ने मुझको चाकू मारा है। इस दौरान ही आस पड़ोस के लोगों से सूचना मिलने पर तरन्नुम की मुंह बोली बहन परवीन और वहीं पर रहने वाला अमान रजा वहां पहुंचे। महबूब, परवीन और अमान रजा वहां से तरन्नुम को लेकर सांई अस्पताल पहुंचे। जहां से महबूब ने फोन कर तरन्नुम के भाई यूनुस को मामले की जानकारी दी।
रात भर तीन अस्पतालों के काटे चक्कर.. नहीं मिला उचित इलाज
मुरादाबाद। हमले की सूचना पर तरन्नुम का बहनोई लाला मुशाहिद, यूनुस सहित अन्य लोग अस्पताल पहुंचे। सांई अस्पताल में तरन्नुम का प्राथमिक उपचार हुआ, इसके बाद वहां पर इलाज के लिए रुपये की व्यवस्था न होने के कारण तरन्नुम को परिवार वाले उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताई और हायर सेंटर रेफर किया, परिवार वाले तरन्नुम को लेकर कांठ रोड स्थित निजी अस्पताल पहुंचे लेकिन वहां पर डॉक्टरों ने गंभीर जख्मी तरन्नुम के इलाज के लिए पर्याप्त संसाधन न होने की बात कही और उसको किसी दूसरे अस्पताल लेकर जाने के लिए कहा, परिवार वाले तरन्नुम को लेकर तड़के सवार तीन बजे वापस जिला अस्पताल पहुंचे। जहां पर डॉक्टरों ने तरन्नुम को मृत घोषित कर दिया। ऐसे में परिवार वालों का कहना है कि अगर उनके तरन्नुम को समय पर उचित उपचार मिल जाता तो शायद उसकी जान बच जाती। महबूब का कहना है कि समय पर उपचार न मिलने से तरन्नुम को बचाया नहीं जा सका। तरन्नुम की मौत के बाद परिवार का रोकर बुरा हाल है।
प्रेमी को सजा दिलाना चाहती थी तरन्नुम: परवीन
मुरादाबाद। मुंह बोली बहन परवीन ने मंगलवार को मझोला थाने में बताया कि तरन्नुम अक्सर उसके पास आती जाती थी। वह पारिवारिक सदस्य की तरह थी। उन्हाेंने तरन्नुम की एक फर्म में नौकरी भी लगवाई थी, लेकिन उसने फिलहाल नौकरी छोड़ दी थी। तरन्नुम ने दो दिन पहले ही बताया था कि दीदी मैंने गुलाम के खिलाफ शिकायत कर दी है कि उसने मुझे धोखा देकर दूसरा निकाह कर लिया है। परवीन ने उससे कहा कि ये शिकायत क्यों की है, तो तरन्नुम ने कहा कि उसने मेरे साथ गलत किया है, अब वह चाहती है कि इसकी सजा उसे मिले। परवीन ने बताया कि दससराय पुलिस चौकी के पास उसकी शिकायत पहुंची थी लेकिन वहां से ये शिकायत जयंतीपुर पुलिस चौकी पर आनी थी, जिसके बाद गुलाम मोहम्मद पर कार्रवाई होती लेकिन उससे पहले ही तरन्नुम को मार दिया गया। अब परवीन का कहना है कि गुलाम को जल्द सजा मिलनी चाहिए। उधर, दससराय चौकी प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि तरन्नुम की शिकायत के बारे में मुझे जानकारी नहीं है।
पोस्टमार्टम रिपोर्र्ट: आंत कट जाने की वजह से हो गई मौत
मुरादाबाद। जिला अस्पताल में तरन्नुम की मौत होने के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मंगलवार दोपहर को पोस्टमार्टम करवाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला कि चाकू के एक ही वार से तरन्नुम की आंत कट गई थी, जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई है।
‘तरन्नुम ने मौत से पहले जो बयान अपने परिवार वालों को दिया है, उसको जांच में शामिल किया जाएगा। इसी आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने तरन्नुम के मृत्यु पूर्व बयान दर्ज नहीं किए हैं।’
सेंसरवीर सिंह, कार्यवाहक एसएचओ मझोला