अमरोहा। क्रिकेटर मोहम्मद शमी की पत्नी हसीन जहां चौखट-चौखट मदद की गुहार लगा रही हैं। मेरा हक फाउंडेशन की अध्यक्ष फरहत नकवी से मिलने के बाद बुधवार फिर बरेली पहुंचकर एडीजी से मुलाकात की। हसीन ने अपने साथ आधी रात हुई पुलिस की ज्यादती की दास्तान सुनाई। अमरोहा पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। साथ ही शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। एडीजी ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
क्रिकेेटर पति मोहम्मद शमी से चल रहे विवादों के बीच रविवार शाम हसीन जहां ससुराल सहसपुर अलीनगर पहुंच गई थीं। वह घर में दाखिल हो गई थीं। लेकिन पुलिस ने आधी रात उन्हें घर से बाहर निकाल दिया था। शांतिभंग में चालान होने पर जमानत कराने के बाद हसीन शमी के खिलाफ लड़ने के लिए मदद की गुहार लगा रही हैं। मंगलवार को वह बरेली में केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी की बहन मेरा हक फाउंडेशन की अध्यक्ष फरहत नकवी से मिली थीं। वहीं बुधवार को उन्होंने फरहत के साथ बरेली में एडीजी से मुलाकात की। एडीजी ने करीब तीस मिनट तक उनकी बात सुनी। हसीन ने एडीजी को शिकायत पत्र देकर अमरोहा पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और गंभीर आरोप लगाए। पत्र में कहा कि आधी रात पुलिस ने उन्हें जबरिया घर से बाहर निकाल दिया। मेरे साथ दुर्व्यव्हार किया गया। सोती हुई मेरी बेटी को कमरे से निकालकर बाहर कर दिया गया। रात में मुझे डिडौली थाने में रखा गया। जबकि मैं अपने पति के घर गई थी और पति के बनाए घर में रुकी थी। एडीजी ने पूरे प्रकरण की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।