हसनपुर। नगर में गुरुवार की रात को बदमाशों ने एक घर को निशाना बना लिया। गृहस्वामिनी को चाकू का भय दिखाकर संदूक में रखे सोने-चांदी के आभूषण और हजारों की नकदी समेत लाखों का माल लूट लिया। वारदात के समय बेटा और बहू कमरे में सो रहे थे। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया है। हालांकि मामले में अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
बताते हैं कि मोहल्ला कोट पश्चिमी कालाशहीद में मुनेश शर्मा का परिवार रहता है। मुनेश शर्मा नोएडा की एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। गृहस्वामिनी रेखा शर्मा ने बताया कि रोजाना की तरह गुरुवार रात को सोहित और उसकी पत्नी कमरे में सो रहे थे। जबकि रेखा बरामदे में सो रही थी। रात करीब एक बजे दो बदमाश घर में घुस गए। नकाबपोश एक बदमाश ने बरामदे में सो रही रेखा शर्मा की गर्दन पर चाकू रख दिया और खामोश रहने के लिए कहा।
इसके बाद बहू और बेटे के कमरे को बाहर से बंद कर दिया। जबकि दूसरे कमरे में संदूक में रखी सोने-चांदी के आभूषण, हजारों की नकदी, मोबाइल समेत लाखों का माल साफ कर दिया। घर में सोहित की पत्नी के पास एक मोबाइल बचा था। बदमाशों के जाने के बाद उसने 100 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल की। हालांकि मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है। प्रभारी निरीक्षक संजय प्रताप सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में है। जिस तरह से परिजन लूट की बात बता रहे हैं। वह गले नहीं उतर रही। जांच पड़ताल कराई जा रही है। शीघ्र ही कार्रवाई की जाएगी।
शाम होते ही घर में छुप गए थे बदमाश
हसनपुर। नगर के मोहल्ला कोट पश्चिमी कालाशहीद निवासी मुनेश शर्मा के जिस घर में गुरुवार रात दो बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। परिजनों के मुताबिक बदमाश शाम होते ही घर में छुपकर बैठ गए होंगे। बताया कि घर के दो दरवाजे है, दोनों अंदर से बंद थे। इसके अलावा जीने का दरवाजा भी अंदर से बंद था। बदमाश रात एक बजे अचानक वहां बिना किसी आहट के पहुंचे। रेखा शर्मा ने बताया कि बदमाश शाम होते ही अंधेरे में घर में घुस गए और बैठक में परदों के पीछे छुप गए। क्योंकि बैठक में कोई सोता नहीं है। बदमाशों को पहले से ही इसका पता था। बैठक में आसानी से छुपा जा सकता है। हालांकि पुलिस कई बिंदुओं पर जांच पड़ताल कर रही है।
दामाद के ऑपरेशन के लिए रखे थे रुपये
हसनपुर। नगर के मोहल्ला कोट पश्चिमी निवासी पीड़ित गृहस्वामिनी रेखा शर्मा ने बताया कि छोटे दामाद का कुछ दिन पूर्व हादसे में पैर फ्रैक्चर हो गया था। जिसका उपचार चल रहा है। शुक्रवार को उसका ऑपरेशन मुरादाबाद के एक अस्पताल में कराने जाना था। जिसके लिए रुपये जोड़े थे। रुपयों के साथ ही बहू और छोटी बेटी के आभूषण भी रखे थे। जिन्हें गिरवी रखकर रुपये लिए जाते। गृहस्वामिनी के बेटे सोहित शर्मा की शादी करीब तीन माह पूर्व हुई है। उसकी बहू के आभूषण भी वहीं पर रखे थे।
लूट की घटना से मोहल्ले में दहशत
हसनपुर। नगर के मोहल्ला कोट पश्चिमी कालाशहीद निवासी मुनेश शर्मा के घर हुई लाखों की लूट की घटना से मोहल्ले के लोगों में दहशत बनी हुई है। जिस मोहल्ले में बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। उस मोहल्ले का मुख्य रास्ता ही बहुत संकरी है। वहां से बाइक निकालने में भी परेशानी होती है।