हसनपुर। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में नोटिस तामील कराने पहुंचे कोर्ट के आदेश वाहक के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि नोटिस को भी फाड़ दिया गया। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर दंपती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
न्यायलय सिविल जज जूनियर डिविजन हसनपुर के आदेश वाहक जयप्रकाश सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि आदेशानुसार 12 नवंबर को गांव कालका वाली डगरौली में हरिओम बनाम कैलाशो का नोटिस तामील कराने गए थे। इस दौरान कुछ लोगों ने नोटिस तामील नहीं होने दिया और न्यायालय के आदेश वाहक के साथ अभद्रता की। विरोध करने पर नोटिस को फाड़ दिया और आदेश वाहक के साथ मारपीट की।
हंगामा के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। गांव के ही कुछ लोगों ने आदेश वाहक को बचाया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पीके चौहान ने बताया कि न्यायालय के आदेश वाहक के साथ मारपीट करने, नोटिस फाड़ने एवं न्यायालय के कार्य में बाधा डालने के मामले में तहरीर के आधार पर गांव कालका वाली डगरौली निवासी सुल्लड़ और उसकी पत्नी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी सुल्लड़ को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी पत्नी को गिरफ्तार करने के लिए दबिशें दी जा रही हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।