हसनपुर में साप्ताहिक बाजार बंद कराती पुलिस।
- फोटो : HASANPUR
हसनपुर (अमरोहा)। कोरोना वायरस से बचाव के चलते जिलाधिकारी उमेश मिश्र के आदेश पर थाना पुलिस ने नगर में लगने वाले साप्ताहिक बाजार को बंद कराया। हालांकि दुकान हटाते वक्त दुकानदारों ने नाराजगी जताई, हवाला दिया कि दो-तीन घंटे की मोहलत दीजिए। पुलिस ने दुकानदारों की एक न सुनी और सुरक्षा का हवाला देते हुए दुकानदारों से दुकानें हटवाई गईं।
मालूम रहे कि नगर में गुरुवार के दिन साप्ताहिक बाजार का आयोजन होता है। बाजार में कई हजार लोग, महिलाएं खरीदारी करने आते हैं। जिसमें कपड़ों से लेकर सौंदर्य प्रसाधन, राशन, रसोई और घर के जरूरी सामान मिलते हैं। हर गुरुवार की तरह इस बार भी बाजार लगाया गया, जिसमें खरीदारों की भीड़ जुट गई। दोपहर करीब एक बजे इसकी जानकारी जिलाधिकारी उमेश मिश्र को हुई तो उन्होंने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आरपी शर्मा से तत्काल बाजार बंद कराने के निर्देश दिए। इसके बाद कस्बा चौकी इंचार्ज मनोज कुमार, उपनिरीक्षक संजीव मलिक टीम के साथ बाजार में पहुंचे और दुकानदारों से दुकान बंद कर अपने घर जाने को कहा। शुरू में तो कुछ दुकानदारों ने नाराजगी जताई, लेकिन बाद में चुपचाप फड़ पर लगी दुकानों को हटाने लगे। अचानक बाजार बंद होने से खरीदारों में खलबली मच गई। इस दौरान कुछ दुकानदारों ने हंगामा करने की कोशिश भी की, लेकिन कुछ नहीं हुआ।