रहरा थाना क्षेत्र में ताऊ के साथ बाइक पर सवार होकर रिश्तेदारी से दावत खाकर लौट रहा कक्षा 6 का छात्र हादसे का शिकार हो गया। ट्रैक्टर ट्राली में बाइक की टक्कर हो गई ।जिसमें छात्र की मौत हो गई जबकि ताऊ गंभीर रूप से घायल हो गया। मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
रहरा थाना क्षेत्र के गांव बांस का कला निवासी किसान चंद्रपाल अपने छोटे भाई भूप सिंह से तेरह वर्षीय बेटे मोंटी के साथ बृहस्पतिवार की शाम को क्षेत्र के गांव चंदनपुर खादर में रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। मोंटी गांव के ही विद्यालय में कक्षा छह का छात्र था। देर रात वहां से बाइक पर सवार होकर वापस लौट रहे थे। हसनपुर-रहरा मार्ग पर द्रोण पब्लिक स्कूल मटीपुरा के पास सामने से आ रही ईंटों से लदी ट्रैक्टर ट्राली से टक्कर हो गई। हादसे के बाद अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर ट्राली पलट गए। ट्रैक्टर से टकराने के बाद बाइक खंदक में जा गिरी। रात में ही ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर को सीधा कराकर वहां से लेकर फरार हो गया। उधर, सुबह में घायल अवस्था में सड़क किनारे बेहोशी की अवस्था में चंद्रपाल व उसके भतीजे को राहगीरों ने देखा। पुलिस एवं परिजनों को सूचना दी। घायलों को अस्पताल ले जाया गया। जहां बच्चे को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल चंद्रपाल को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है। रहरा इंस्पेक्टर वरूण कुमार का कहना है कि सुबह में ही हादसे की जानकारी हुई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। तहरीर के आधार पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।