अमरोहा। यदि आप शहर या ग्रामीण क्षेत्र में जमीन खरीदने की योजना बना रहे हैं तो अब जल्द निर्णय लेना फायदेमंद हो सकता है, क्योंकि आने वाले दिनों में जमीन खरीदना महंगा होने वाला है। निबंधन विभाग नए सर्किल रेट निर्धारित करने की तैयारी में जुट गया है, जिसके लागू होने के बाद संपत्तियों की रजिस्ट्री पर लोगों को अधिक खर्च करना पड़ेगा।
विभाग ने इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए जनपद की सभी तहसीलों अमरोहा, नौगावां सादात, मंडी धनौरा और हसनपुर के एसडीएम से गाटा वार संपत्तियों की विस्तृत जानकारी मांगी है। प्राप्त सूचनाओं को ऑनलाइन फीड किया जा रहा है, जिसके आधार पर प्रस्तावित दरों का निर्धारण किया जाएगा। जानकारी के अनुसार शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रहे विकास, नई आवासीय कॉलोनियों, औद्योगिक विस्तार और सड़क चौड़ीकरण को देखते हुए सर्किल रेट में बदलाव किया जा रहा है। पिछले दो वर्षों में भी कई क्षेत्रों में सर्किल रेट में 15 से 20 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की जा चुकी है। अब एक बार फिर शासन के निर्देश पर दरों में संशोधन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रक्रिया के तहत पहले सभी क्षेत्रों का डाटा एकत्र किया जाएगा, इसके बाद सर्वे कराया जाएगा जिसमें यह तय होगा कि किस क्षेत्र में कितना सर्किल रेट लागू किया जाए। इसके पश्चात प्रस्तावित दरों पर आपत्तियां भी आमंत्रित की जाएंगी, ताकि पारदर्शिता बनी रहे। इस बार शासन का प्रयास है कि पूरे प्रदेश में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के सर्किल रेट में एकरूपता लाई जाए, जिससे रजिस्ट्री व्यवस्था और अधिक व्यवस्थित हो सके। अनुमान है कि नई दरों को अगस्त माह में लागू किया जाएगा। एआईजी स्टांप अनूप कुमार सिन्हा ने बताया कि सभी तहसीलों से गाटा वार संपत्तियों का विवरण प्राप्त कर उसे ऑनलाइन फीड किया जा रहा है। शीघ्र ही प्रस्ताव तैयार कर नई दरों का निर्धारण कर दिया जाएगा, जिसके बाद प्रदेश में संशोधित सर्किल रेट लागू कर दिए जाएंगे।